भारत में आयोजित हो रहे सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम (SCO) में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल इन दिनों भारत दौरे पर है। वहीं अब पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल को लेकर बड़ी खबर आ रही है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि, भारत आने वाले पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को ताजमहल समेत कुछ अन्य स्थानों पर जाने की अनुमति दे दी गई है। लेकिन प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की भी इच्छा जताई है, लेकिन सुरक्षा कारणों की वजह से अभी मंजूरी नहीं दी गई है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के नेतृत्व में भारत आए प्रतिनिधिमंडल को हुमायूं का मकबरा और दिल्ली हाट घूमने की भी अनुमति मिल गई है। मुसादिक मलिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्रालय के मंत्री हैं।
SCO में हिस्सा लेने आया पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल
पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने के लिए भारत आया है। प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख और पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने पहले ही भारत की ऐतिहासिक जगहों को देखने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वह भारत घूमना चाहते हैं, यहां के लोगों से मिलना चाहते हैं और भारतीय संस्कृति को करीब से समझना चाहते हैं।
3 साल बाद किसी पाकिस्तान मंत्री का पहला दौरा
केंद्र सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि भारत आने वाले पाकिस्तानी मंत्रियों के लिए यात्रा को लेकर कोई पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। वे ताजमहल और हुमायूं के मकबरे जैसी ऐतिहासिक जगहों पर घूमने जा सकते हैं। तीन दिवसीय फोरम में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को दिल्ली के पुराना किला पहुंचा। मुसादिक मसूद मलिक का ये दौरा पिछले तीन साल में किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत दौरे पर आया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान हाई कमीशन के प्रभारी साद वराइच ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य SCO देशों के बीच साझा संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देना है। इसके जरिए सदस्य देशों के बीच आपसी बातचीत और लोगों के संबंधों को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। इस मंच का सुझाव पीएम मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान दिया था। इसमें कला, वास्तुकला, भाषा, साहित्य, सांस्कृतिक परंपराओं और दार्शनिक विरासत जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।