राजस्थान में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई। वहीं छह अन्य लोग घायल है। घायलों का इलाज जारी है। ये हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। गाड़ी में महाराष्ट्र का 15 सदस्यीय परिवार सवार था। ये लोग खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चों समेत नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नींद आने की वजह से हुआ हादसा
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया। वहीं अभी तक हादसे की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है और इसकी जांच की जा रही है। हादसे में घायल हुए छह लोगों को एम्बुलेंस की मदद से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की देखभाल के लिए अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और राहतकर्मियों ने क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी के रूप में हुई है।
प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद
सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस तेजस्वनी गौतम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (सिटी) समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायलों के इलाज की जानकारी ली। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने ANI से बातचीत में बताया कि, "परिवार के सभी सदस्य खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना और उनकी हालत में सुधार सुनिश्चित करना है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।"
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए एक पीड़ित ने ANI को बताया कि, "परिवार के लोग खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद तीन गाड़ियों के काफिले में मध्य प्रदेश के धार जा रहे थे। रास्ते में दो गाड़ियां पीछे रह गईं, जबकि हादसे का शिकार हुई क्रूजर गाड़ी आगे निकल गई। कुछ देर बाद उन्हें उनकी बहन का फोन आया कि एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने बताया कि गाड़ी का एक्सीडेंट हो चुका था और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।" पीड़ित ने बताया कि, "तीनों गाड़ियों में कुल 36 लोग सवार थे और सभी आपस में रिश्तेदार थे। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।" परिवार के सभी सदस्य मंगलवार रात तीन गाड़ियों में सवार होकर यात्रा पर निकले थे और हादसे के समय वापस लौट रहे थे।