दिल्ली विधानसभा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार 6 अप्रैल को दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में एक बड़ी चूक हुई है। यहां एक अज्ञात वाहन ने सुरक्षा बैरियर तोड़कर सीधे विधानसभा परिसर में घुस गया। यह इलाका बेहद सुरक्षित माना जाता है, इसलिए इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर स्याही फेंके जाने की भी बात सामने आई।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक , यह वाहन गेट नंबर 2 से अंदर घुसा था। जैसे ही यह घटना हुई, सुरक्षा कर्मी तुरंत हरकत में आए और हालात को संभालने के लिए तेजी से कार्रवाई की गई। इस मामले पर दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि, उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक कार ने लोहे का गेट तोड़कर ज़बरदस्ती गेट नंबर 2 से प्रवेश किया। ड्राइवर ने वहां एक गुलदस्ता रखा और चला गया। गाड़ी की तलाश जारी है। उस गेट पर CRPF तैनात थी। फिलहाल गाड़ी की तलाश भी जारी है।
पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
इस घटना के बाद विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यह इलाका बेहद ही सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि यहां सरकार के बड़े अधिकारी और विधायक मौजूद रहते हैं। जानकारी के अनुसार, परिसर में घुसने से पहले उस वाहन ने सुरक्षा बैरियर को टक्कर मारी थी और उसे तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। अब अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद वह वाहन बैरिकेड पार करके प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंच गया। साथ ही, इस पूरी घटना को समझने और वाहन की पहचान करने के लिए परिसर के अलग-अलग गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।