सोमवार को दिल्ली विधानसभा के गेट को तोड़कर कार अंदर घुसाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह गाड़ी सरबजीत सिंह के नाम पर दर्ज है और वही खुद इसे चला रहा था। गाड़ी के रजिस्ट्रेशन में पीलीभीत की पूरनपुर तहसील का पता दिया गया है, जिसमें कजरी और निरंजनपुर सिंहपुर क्षेत्र शामिल हैं। घटना के कुछ ही घंटों के अंदर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। इस सुरक्षा में हुई चूक के बाद अधिकारियों ने पूरे विधानसभा परिसर की सुरक्षा और ज्यादा कड़ी कर दी है।
जांच में पता चला है कि बरामद कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने कार के नंबर को लेकर भी जानकारी दी है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसा करने के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि सरबजीत सिंह ने स्पीकर की गाड़ी के अंदर एक फूलों का गुलदस्ता रख दिया और कुछ समय तक वहीं गाड़ी में बैठा रहा। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी लॉक नहीं थी, क्योंकि ड्राइवर स्पीकर के कमरे में सामान देने के लिए पोर्च की तरफ गया हुआ था। रिकॉर्ड के अनुसार, गाड़ी के इंजन नंबर का भी विवरण मौजूद है और यह भी पता चला है कि इस वाहन का रजिस्ट्रेशन 26 फरवरी 2026 को किया गया था।
पीलीभीत का रहने वाला है आरोपी
दिल्ली विधानसभा में हुई सुरक्षा चूक के मामले में पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद जब गाड़ी और उसमें बैठे व्यक्ति की जानकारी निकाली गई, तो पता चला कि वाहन का रजिस्ट्रेशन पीलीभीत का है और उसमें बैठा व्यक्ति भी वहीं का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति का नाम सरबजीत सिंह है, जो पूरनपुर क्षेत्र का निवासी है, जो पीलीभीत जिले के अंतर्गत आता है। फिलहाल इस मामले से जुड़ी सभी जानकारियां जुटाई जा रही हैं और जांच जारी है।