Rajesh Khimji: दिल्ली CM रेखा गुप्ता को चाकू मारने की फिराक में था हमलावर, जनसुनवाई के दौरान हुए हमले को लेकर हुआ बड़ा खुलासा

Delhi CM Attack Case: हमलावर राजेश खिमजी राजकोट, गुजरात का रहने वाला है। उसने 20 अगस्त को सीएम रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारे थे और बाल नोंचकर गिराने की कोशिश की थी। हमला करने के तुरंत बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था

अपडेटेड Aug 25, 2025 पर 9:25 AM
Story continues below Advertisement
हमलावर ने यह भी बताया है कि मुख्यमंत्री आवास पर जाने से पहले वह सुप्रीम कोर्ट गया था, लेकिन वहां भी कड़ी सुरक्षा के कारण वह वापस लौट आया था

Attack on Delhi CM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त को हुए हमले के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी राजेश भाई खिमजी ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि वह मुख्यमंत्री पर चाकू से हमला करने की योजना बना रहा था। हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखकर उसने चाकू फेंक दिया था। बता दें कि CM रेखा गुप्ता पर हमला उनके सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर हुआ था, जब वह लोगों से मिल रही थीं।

चाकू मारने का था प्लान लेकिन भारी सुरक्षा देख बदला मन

पुलिस पूछताछ के दौरान राजेश खिमजी ने स्वीकार किया कि उसका इरादा मुख्यमंत्री पर चाकू से हमला करने का था। लेकिन आवास पर भारी सुरक्षा देखकर उसका मन बदल गया और उसने चाकू सिविल लाइंस इलाके में ही फेंक दिया। उसने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर जाने से पहले वह सुप्रीम कोर्ट भी गया था, लेकिन वहां भी कड़ी सुरक्षा के कारण वह वापस लौट आया था। हमले के एक दिन बाद, 21 अगस्त को आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।


आरोपी राजेश के दोस्त तहसीन को पुलिस ने किया था गिरफ्तार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने हमलावर राजेश के दोस्त तहसीन को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, तहसीन इस घटना के दौरान लगातार अपने दोस्त राजेश के संपर्क में था और उसने उसकी आर्थिक मदद भी की थी। पुलिस को यह भी पता चला कि तहसीन ने राजेश को राजकोट से पैसे भी भेजे थे। तहसीन की गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने दोनों से आमने-सामने पूछताछ की थी ताकि हमले के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया 'कायराना हमला'

अपने ऊपर हुए इस हमले को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैरानी जताई थी। उन्होंने इसे दिल्ली के लोगों के कल्याण के लिए किए जा रहे उनके काम पर एक 'कायराना हमला' करार दिया। रविवार को शालीमार बाग में दो रामलीलाओं के शिलान्यास समारोह में उन्होंने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद और लोगों का स्नेह उन्हें सुरक्षित रखता है। उन्होंने कहा कि राम राज्य की स्थापना का मतलब न्यायपूर्ण और पारदर्शी शासन है, जो लोगों के कल्याण पर केंद्रित हो। उन्होंने कहा, 'भगवान राम ने मुझे दिल्ली को राम राज्य के पथ पर ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी है।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।