Delhi Scorpio Accident: 'रील ने मेरे बेटे के सपने छीन लिए'; द्वारका एक्सीडेंट मामले में साहिल धनेशरा की मां ने मांगा इंसाफ

Sahil Dhaneshra accident: दिल्ली के द्वारका में एक बाइक को टक्कर मारने वाली SUV के अंदर से शूट किया गया कथित वीडियो ऑनलाइन सामने आया है। इसमें टक्कर का वह पल देखा जा सकता है जिसमें 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत हो गई थी। साहिल की सिंगल मदर ने मामले में इंसाफ की मांग की है

अपडेटेड Feb 18, 2026 पर 2:03 PM
Story continues below Advertisement
Dwarka Scorpio Accident: द्वारका हादसे में मारे गए लड़के की मां ने कहा कि 'रील' बनाने के जुनून ने मेरे बेटे के सपने छीन लिए

Dwarka Scorpio Accident: राजधानी दिल्ली के द्वारका में तीन फरवरी को एक सड़क दुर्घटना में अपने 23 साल के इकलौते बेटे को खोने वाली मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी नाबालिग रील शूट करते हुए गाड़ी चला रहा था। मां ने नम आंखों और रुंधे गले से कहा कि 'रील' बनाने और सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए किए गए स्टंट ने न केवल उनके बेटे की जान ली। बल्कि उसे लेकर उन्होंने जो सपने देखे थे, उन्हें भी चकनाचूर कर दिया। द्वारका में रहकर अकेले अपने बच्चे को पालने वाली इन्ना माकन अपने बेटे के कमरे में उसकी तस्वीरों और पदकों को लिए हुए खड़ी थीं।

अपने बेटे के कमरे में उसकी तस्वीरों और मेडल के बीच खड़ी इन्ना मकान ने पीटीआई से कहा, "मेरा बेटा कड़ी मेहनत में विश्वास करता था, शॉर्टकट में नहीं।" उन्होंने कहा कि रील बनाने के किसी के जुनून ने उनकी जिंदगी और उनके बच्चे के लिए बुने गए उनके सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया।

BBA फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा साहिल तीन फरवरी को ऑफिस जा रहा था कि तभी सामने से आ रही एक एसयूवी (स्कॉर्पियो एन) ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसयूवी को कथित तौर पर 17 वर्षीय एक लड़का चला रहा था। इस दौरान उसकी बहन उसके बगल में बैठी थी।


एसयूवी बाद में वहां खड़ी एक टैक्सी से भी टकरा गई, जिससे उसके चालक को चोटें आईं। इन्ना माकन ने बताया, "मेरे बेटे का ऑफिस दुर्घटनास्थल से सिर्फ दो मिनट की दूरी पर था।" उन्होंने बताया कि वह कुछ ही महीनों में विदेश जाने वाला था। उन्होंने बताया कि साहिल नैनीताल के सेंट जोसेफ कॉलेज का छात्र था और उसके बड़े सपने थे।

उन्होंने दबी आवाज में कहा, "मेरा बेटा बहुत मेहनती था और विदेश में काम करना चाहता था। वह नैनीताल के एक निजी कॉलेज में पढ़ता था। वह कई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुका था। उस मजे के लिए रील बनाने के जुनून ने मेरे बच्चे की जान ले ली। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"

हादसे का वीडियो आया सामने

दुर्घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें एसयूवी को मोड़ लेते हुए और फिर बिना डिवाइडर वाली सीधी सड़क पर तेजी से जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के लगभग 12 सेकंड बाद कार की साहिल की मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो जाती है।

पुलिस ने बताया कि द्वारका साउथ थाने में भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 281 (तेज गति से वाहन चलाना), 106(1) (लापरवाही से मृत्यु का कारण बनना) और 125(A) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी के पास नहीं था DL

यह दुर्घटना तीन फरवरी को सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुई। एसयूवी चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लड़के को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। 10 फरवरी को कोर्ट ने उसे अंतरिम जमानत दे दी गई। आरोपी लड़का 10वीं कक्षा का छात्र है। वह फिलहाल परीक्षा दे रहा है।

SUV के कट चुके हैं 13 चालान

साहिल की मां ने दावा किया कि उन्होंने सुना है कि आरोपी लड़के के पिता ट्रांसपोर्टर हैं। एसयूवी पर ट्रैफिक नियमों के कई चालान हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, "एसयूवी के दिल्ली में 13 चालान और उत्तर प्रदेश में कुछ चालान काटे गये हैं।" इन्ना माकन ने यह भी कहा कि वह अपने बेटे के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगी।

उन्होंने कहा, "मैं इस तरह के कानून को स्वीकार नहीं करूंगी। कानून व्यवस्था जनता के लिए है।" साहिल की मां ने कहा, "इसे दुर्घटना नहीं कहा जा सकता। यह आपराधिक कृत्य है।" उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी रील के लिए तेज गति से गाड़ी चला रहा था।

ये भी पढ़ें- Dwarka Accident: 'मेरे बेटे की गलती है, मैं माफी मांगता हूं...'; द्वारका में बाइकर की मौत मामले में आरोपी के पिता का बयान

साहिल की सिंगल मदर ने कहा, "मेरा बेटा विदेश में अपना भविष्य बनाना चाहता था। वह अनुशासित था। मैं पीछे नहीं हटूंगी।" पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। बोर्ड ने उसी दिन उसे सुधार गृह भेजने का आदेश दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।