देश की राजधानी दिल्ली में एक रूह कंपा देने वाले मामले का खुलासा हुआ है। ये मामला किसी छानबीन में नहीं, बल्कि एकदम फिल्मी स्टाइल में खुला है। पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात आउटर दिल्ली में पुलिस की एक गाड़ी गश्त कर रही थी। पुलिस वैन को देख कर काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन किशोर लड़के भागने लगे। उनके व्यवहार पर शक होने पर पट्रोल टीम ने उन्हें रोक लिया। एक लड़के की सरसरी तलाशी लेने पर उन्हें पता चला कि उसके पास दो फोन थे।
जब पुलिस टीम ने तीनों से पूछताछ शुरू की, तो उनमें से एक ने कथित तौर पर उन्हें फोन मिलने की पूरी कहानी सुनाई। उस लड़के ने बताया कि ये फोन उस शख्स है, जिसकी इन लोगों ने तीन महीने पहले गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
मामला सिर्फ हत्या करने या फोन चुराना का नहीं बल्कि उससे भी कहीं ज्यादा संगीन और खौफनाक था। उन्होंने उस शख्स की हत्या के बाद उसकी आंखें भी निकाल ली और फिर शव को यमुना नदी में डुबोया और नदी किनारे दफना दिया।
पुलिस ने दावा किया कि तीनों ने शव को यमुना नदी में डुबोकर इसलिए दफनाया दिया ताकि “उसकी आत्मा को शांति मिल सके।”
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "जब हमने उससे पूछा कि उसके पास दो मोबाइल फोन कैसे हैं, तो उसके पास कोई ठीक जवाब नहीं था... फिर हमने दोनों फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की और पाया कि उनमें से एक फोन अप्रैल से इस्तेमाल नहीं किया गया था।"
अधिकारी ने आगे बताया कि उन तीनों लड़कों ने जो पहचान पत्र दिए थे, उनमें से कोई भी एक फोन की CDR से मेल नहीं खा रहा था। पुलिस ने तीनों लड़कों को पकड़ लिया है। पुलिस ने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे, वो भी चोरी की थी।
DCP (आउटर नॉर्थ) हरेश्वर स्वामी ने कहा, "उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने अप्रैल में यमुना नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति से मोबाइल फोन छीना था। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो उन्होंने उसका गला घोंट दिया और शव को नदी के किनारे दफना दिया। तुरंत कार्रवाई करते हुए, पुलिस की एक टीम नाबालिग लड़कों के साथ घटनास्थल पर पहुंची... लगभग 3 फीट गहरा एक गड्ढा खोदा गया... और घटनास्थल से एक मानव कंकाल बरामद किया गया।"
पुलिस ने बताया कि लड़कों ने अपने निशान छिपाने के लिए हर हद पार कर दी थी। पुलिस के अनुसार, लड़कों ने कथित तौर पर कबूला कि गला घोंटने के बाद वह बेहोश हो गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "उन्होंने उसकी आंखें फोड़ दीं ताकि होश में आने पर वह उन्हें पहचान न सके। लेकिन उसके बाद पीड़ित की मौत हो गई। घबराहट में, लड़कों ने दावा किया कि उन्होंने उसे यमुना में डुबो दिया ताकि 'उसकी आत्मा को शांति मिले' और फिर उसे खुद खोदी गई एक कब्र में दफना दिया।"
पुलिस ने बताया कि फोन की CDR से पता चला कि यह 18 साल के सोनू का था, जो आसपास के इलाके में मजदूर का काम करता था।
जब पुलिस ने बिहार में उसके परिवार से संपर्क किया, तो उन्होंने अधिकारियों को बताया कि सोनू अप्रैल से लापता है और उसका फोन तब से बंद है। अधिकारी ने दावा किया कि उन्होंने अपने गृहनगर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें टाल दिया गया।