Delhi-NCR Storm: भीषण गर्मी के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश और आंधी-तूफान का कहर! 4 लोगों की मौत, 23 मई तक येलो अलर्ट जारी

Delhi-NCR Storm: दिल्ली में लोधी रोड पर व्हीलचेयर पर बैठे एक अज्ञात व्यक्ति की हाई-वोल्टेज तार गिरने से मौत हो गई। जबकि गोकुलपुरी में मौजपुर का 22 वर्षीय अजहर गिरे हुए पेड़ के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। गाजियाबाद में 40 वर्षीय मुजामिल की मौत हो गई। उस वक्त वह साइकिल चला रहा था, तभी पेड़ उस पर गिर गया

अपडेटेड May 22, 2025 पर 9:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi-NCR Storm: बारिश और ओलावृष्टि के साथ आए शक्तिशाली तूफान में चार लोगों की मौत हो गई

Delhi-NCR Storm: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार (21 मई) को दिनभर भीषण गर्मी और उमस के बाद देर शाम 79 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जलभराव हुआ और ट्रैफिक जाम हो गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान परिचालन प्रभावित हुआ। जबकि येलो लाइन पर मेट्रो यात्री घंटों फंसे रहे। बारिश और तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बारिश और ओलावृष्टि के साथ आए शक्तिशाली तूफान में चार लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में व्यापक नुकसान हुआ है। तूफान ने कई पेड़ों को उखाड़ दिया। गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

दिल्ली में लोधी रोड पर व्हीलचेयर पर बैठे एक अज्ञात व्यक्ति की हाई-वोल्टेज तार गिरने से मौत हो गई। जबकि गोकुलपुरी में मौजपुर का 22 वर्षीय अजहर गिरे हुए पेड़ के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। गाजियाबाद में 40 वर्षीय मुजामिल की मौत हो गई। उस वक्त वह साइकिल चला रहा था, तभी पेड़ उस पर गिर गया। इसके अलावा गाजियाबाद में एक 38 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई। उसकी झुग्गी पर स्कूल की दीवार गिर गई। इस घटना में चार अन्य घायल हो गए।

दिल्ली फायर सर्विस को पेड़ गिरने के बारे में 25 से अधिक कॉल प्राप्त हुईं। निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन के बाहर दो पेड़ों ने दो कारों को कुचल दिया। कोपरनिकस मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग और मथुरा रोड जैसे अन्य क्षेत्रों में गिरे पेड़ों ने सड़कों को बाधित कर दिया। इन इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया।


इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता में भारी बारिश और गरज-चमक के कारण हमारी उड़ान का समय प्रभावित हुआ है।" वहीं, एअर इंडिया ने X पर एक पोस्ट में कहा कि बारिश और गरज-चमक के कारण आज शाम दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानें बाधित हो सकती हैं।

स्पाइसजेट ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में खराब मौसम (भारी बारिश के साथ गरज-चमक) के कारण सभी आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। IMD के अनुसार, राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चली।

राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग ने हवा की गति 79 किमी प्रति घंटा दर्ज की। जबकि पालम में 74 किमी प्रति घंटा, प्रगति मैदान में 78 किमी प्रति घंटा और पीतमपुरा में 65 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। बुधवार शाम 5:30 बजे से 8:30 बजे के बीच तीन घंटों में सफदरजंग में 12.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली के कई इलाकों में बिजली कटौती हुई। इसमें बवाना, नरेला, मॉडल टाउन और बुराड़ी शामिल हैं। बिजली कंपनियों ने कहा कि बिजली की लाइनों पर पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आपूर्ति काटनी पड़ी।

ये भी पढ़ें- IAS Puja Khedkar Row: 'उन्होंने हत्या नहीं की है...'; सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व ट्रेनी IAS पूजा खेडकर को दी अग्रिम जमानत

दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की खबर मिली। पेड़ों के वाहनों और इमारतों पर गिरने से कई कारें और इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसमें एक रिहायशी सोसायटी का गेट भी शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।