दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के दिल्ली आंचलिक केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 13 जून को भी राहत का यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इस मौसमी बदलाव के कारण जून के महीने में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।
