Delhi Traffic Advisory 13 August: लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल, इन रास्तों पर रहेगा भारी ट्रैफिक डायवर्जन

Delhi Traffic Advisory 13 August: स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल को देखते हुए बुधवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। जिसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 9:43 AM
13 अगस्त को दिल्ली में ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, लाल किले के आसपास कई सड़कें बंद

Delhi Traffic Advisory 13 August: स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल को देखते हुए बुधवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। जिसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी के अनुसार, लाल किले के आस-पास की सड़कें सुबह 4 बजे से 10 बजे तक आम ट्रैफिक के लिए बंद रहेंगी और इन रास्तों पर सिर्फ उन्हीं गाड़ियों को जाने की इजाजत होगी जिन पर रिहर्सल के लिए मान्य लेबल लगे होंगे।

एडवाइजरी में कहा गया है, “13 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। ऐसे में लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 13 अगस्त को लाल किले के आसपास कुछ ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं।”

सड़कें बंद और डायवर्जन: 13 अगस्त के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी


बुधवार को सुबह 4 बजे से 10 बजे के बीच लाल किले के आस-पास के जिन रास्तों पर असर पड़ेगा, वे ये हैं:

  • नेताजी सुभाष मार्ग: दिल्ली गेट से चट्टा रेल चौक तक
  • लोथियन रोड: जीपीओ दिल्ली से चट्टा रेल चौक तक
  • एस.पी. मुखर्जी मार्ग: एच.सी. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक
  • चांदनी चौक रोड: फाउंटेन चौक से लाल किले तक
  • निषाद राज मार्ग: रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक
  • एस्प्लेनेड रोड और इसकी लिंक रोड: नेताजी सुभाष मार्ग तक
  • रिंग रोड: राजघाट से आईएसबीटी तक

लाल किले के आसपास की सड़कों के अलावा बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को कुछ अन्य प्रमुख रास्तों से भी बचकर चलना होगा। इनमें सी-हेक्सागन इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए-प्वाइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और जे.एल. नेहरू मार्ग शामिल हैं।

इसके अलावा, यात्रियों को निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड और निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक सलिमगढ़ बाईपास होते हुए आउटर रिंग रोड पर जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।

कमर्शियल ट्रांसपोर्ट और सिटी बसों की आवाजाही पर पाबंदियां

एडवाइजरी के मुताबिक, 12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच माल ढोने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसी दौरान महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच अंतर-राज्यीय बसों को चलने की इजाजत नहीं होगी।

वहीं, DTC बसों समेत लोकल बसें आधी रात से सुबह 11 बजे तक ISBT कश्मीरी गेट और NH-24/NH-9 या निजामुद्दीन खट्टा पर NH 'T' पॉइंट के बीच रिंग रोड पर नहीं चलेंगी और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करेंगी। इसके अलावा, जो बसें आमतौर पर लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली मेन रेलवे स्टेशन तक जाती हैं, उन्हें तय पॉइंट्स पर ही रोक दिया जाएगा। 13 अगस्त को सुबह 11 बजे के बाद बस सेवा सामान्य हो जाएगी।

वैकल्पिक रास्ते

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को परेशानी से बचने के लिए कुछ वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

  • इसमें कहा गया है कि उत्तर-दक्षिण दिशा में आने-जाने के लिए यात्री अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, एस मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • इसमें एक और वैकल्पिक रास्ते का सुझाव दिया गया है, जो कनॉट प्लेस, मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट चौक, नया बाजार, पीली कोठी और एस.पी. मुखर्जी मार्ग से होते हुए ODRS तक जाता है, ताकि यात्री उत्तरी दिल्ली में अपनी मंजिल तक पहुंच सकें और वहां से वापस आ सकें।
  • एडवाइजरी के मुताबिक, गाड़ी चलाने वाले लोग निजामुद्दीन ब्रिज से यमुना पार कर सकते हैं और ISBT व उत्तरी दिल्ली पहुंचने के लिए पुश्ता रोड, GT रोड और युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल कर सकते हैं।

वहीं, पूरब-पश्चिम आने-जाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ये रास्ते सुझाए हैं:

  • NH-24/NH-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुल्ला रोड और रिंग रोड से होकर जाने वाले रास्ते।
  • DND-बारापुल्ला रोड (ऊपर बताए गए 1 के अनुसार) या रिंग रोड पर आश्रम होते हुए आगे बढ़ें।
  • NH-24 (NH-9) - युधिष्ठिर सेतु - सिग्नेचर ब्रिज - वजीराबाद ब्रिज वाला रूट।

यह भी पढ़ें: Ram temple CEO job: क्या आप जनेऊ पहनते हैं, नॉन-वेज खाते हैं? राम मंदिर CEO के इंटरव्यू में पूछे गए ये सवाल, 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।