Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में आज भी होगी झमाझम बारिश! IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, जलभराव और ट्रैफिक जाम की चेतावनी
Delhi Weather Today: दिल्ली में मंगलवार (28 जुलाई) को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिस वजह से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है।
दिल्ली-NCR में आज भी होगी झमाझम बारिश! IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
Delhi Weather Today: दिल्ली में मंगलवार (28 जुलाई) को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिस वजह से निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है, और लोगों को दिन के समय ट्रैफिक में थोड़ी रुकावट के बारे में आगाह किया है।
यह पूर्वानुमान ऐसे समय में आया है, जब सोमवार दोपहर दिल्ली के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। इससे दिन में सामान्य से काफी ऊपर पहुंच चुके तापमान और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली।
मध्यम बारिश का अनुमान, तापमान में गिरावट
IMD के ताजा अनुमान के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी के ज्यादातर इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक-दो दौर देखने को मिल सकता है, साथ ही सुबह से दोपहर के समय कुछ जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा, शाम और रात के समय, खासकर कुछ अलग-अलग जगहों पर, हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर होने की उम्मीद है।
IMD के अनुसार, 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
सोमवार को बारिश से गर्मी से राहत मिली
दिल्ली में सोमवार की शुरुआत गर्म और उमस भरी रही, लेकिन दोपहर में कई इलाकों में बारिश हुई। IMD के अनुसार, शाम 5.30 बजे तक रिज वेदर स्टेशन पर सबसे ज्यादा 19.4 mm बारिश दर्ज की गई, इसके बाद लोधी रोड पर 11.5 mm और सफदरजंग में 8 mm बारिश हुई। पूसा (4 mm), अयानगर (3.8 mm), जनकपुरी (2 mm) और मयूर विहार, नारायणा और नजफगढ़ के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। हालांकि, इसी दौरान पालम, जाफरपुर और छतरपुर जैसे इलाकों में बारिश नहीं हुई।
बता दें कि बारिश से पहले, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 3.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं, पालम और लोधी रोड दोनों जगह तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रिज और अयानगर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा था।
जलभराव और ट्रैफिक में देरी की आशंका
IMD ने बारिश के चलते सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने की वजह से ट्रैफिक में थोड़ी रुकावट की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी जरूर लें, प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें और जलभराव वाले रास्तों से बचें।
वहीं, अब एयर क्वालिटी की बात करें तो, राजधानी की हवा की गुणवत्ता (AQI) में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 101 रहा, जिससे दिल्ली लगातार दूसरे दिन 'मध्यम' श्रेणी में बनी रही।
अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बुधवार को मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि सप्ताह के बाकी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके चलते दिन का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने की उम्मीद है।