Delhi Weather Today: दिल्ली में शनिवार (25 जुलाई) को आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है, जिस वजह से राजधानी में मौसम सुहावना बना रहेगा। बता दें कि इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को बारिश और बूंदाबांदी से उमस भरे मौसम से राहत मिली थी, और शनिवार को भी बारिश के चलते तापमान के नियंत्रण में रहने की उम्मीद है।
शुक्रवार को दिल्ली में दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। दिल्ली-एनसीआर के अन्य मौसम केंद्रों पर भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 32.9°C, लोधी रोड और रिज में 33.3°C, जबकि आयानगर में भी 33.3°C रिकॉर्ड किया गया।
दिन भर हल्की बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह से लेकर दोपहर से पहले तक बहुत हल्की से हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके बाद दोपहर और शाम के समय भी हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चलने और इनके झोंके 40 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पूरे दिन मौसम सुहावना बना रहेगा।
इन सभी मौसमी घटनाओं के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान 33°C से 35°C के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रह सकता है।
IMD के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। वहीं, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक के 24 घंटों में सफदरजंग में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में 0.6 मिमी, लोधी रोड में 0.8 मिमी और रिज में 3.6 मिमी बारिश हुई।
इसके बाद सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच कई जगहों पर बारिश जारी रही। इस दौरान पालम में 3.3 मिमी, सफदरजंग में 0.6 मिमी, लोधी रोड में 0.5 मिमी और अयानगर में 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में शुक्रवार को AQI
एयर क्वालिटी की बात करें तो, शुक्रवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में बनी रही। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शाम को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 70 था, जो मानसून के हालात के बावजूद हवा के काफी साफ होने का संकेत देता है।