Credit Cards

Delhi Weather Update: इंतजार खत्म! दिल्ली में 24 जून को मानसून दे सकता है दस्तक, झमाझम बारिश से गर्मी कहेगी टाटा बाय-बाय

Delhi Weather Update: मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के बाकी हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 23 से 26 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों जैसे मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण और गोवा क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है

अपडेटेड Jun 23, 2025 पर 9:43 AM
Story continues below Advertisement
Delhi Weather Update: मानसून के 24 जून तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचने की संभावना है

Delhi Weather Update: दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले 24 घंटे में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, मानसून के 24 जून तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। IMD ने कहा कि अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के बाकी हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 23 से 26 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों जैसे मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण और गोवा क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

गुजरात में 22 जून को मूसलाधार बारिश हो सकती है। जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 और 24 जून को बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, 25 जून के बीच हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित उत्तर-पश्चिमी भारत के बड़े हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।

IMD के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि मानसून सामान्य डेट 30 जून से पहले 23 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सप्ताह में देश के शेष हिस्सों में भी सामान्य तारीख से पहले ही मानसून की बारिश होने की संभावना है।


जून के शुरू से बारिश की कमी के कारण तापमान में तीव्र वृद्धि हुई। इससे आठ-नौ जून से उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में लोगों को लू की स्थिति का सामना करना पड़ा। IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और गुजरात पर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मानसून 16 जून से 18 जून तक तेजी से आगे बढ़ा। मानसून आमतौर पर 1 जून तक केरल में दस्तक देता है, 11 जून तक मुंबई पहुंचता है। आठ जुलाई तक पूरे देश में इस मौसमी सिस्टम के कारण बारिश होती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.3 डिग्री कम है। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

हिमाचल में भारी तबाही, 1 की मौत

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून के दस्तक देने के बाद मौसम विभाग ने रविवार को अगले चार दिनों में राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी। एक अधिकारी ने बताया कि दधंब गांव में स्थानीय लोगों के साथ खेतों में काम करते समय विजय कुमार (46) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को शाहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य भर में कहीं-कहीं बारिश हुई। इसमें कांगड़ा में 37 मिलीमीटर (मिमी), कसौली में 3 मिमी, मंडी में 21.8 मिमी, जोत में 21 मिमी, मुरारी देवी में 13 मिमी, हमीरपुर में 7.5 मिमी और शिमला एवं सुंदरनगर में 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि ऊना सबसे गर्म रहा जहां तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ऊना के बाद बहुरा में 33.2 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 32.6 डिग्री सेल्सियस और नेरी में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा। इसमें कुकुमसेरी में 12.2 डिग्री सेल्सियस, पोंटा साहिब में 27 डिग्री सेल्सियस और बिलासपुर में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- By Elections Results 2025: चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के नतीजे आज होंगे जारी, मतगणना शुरू

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों में राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया। IMD ने बताया कि 24 से 28 जून तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। जबकि 23 से 27 जून तक एक या दो बार भारी बारिश और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।