MS Dhoni drives for Virat Kohli: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज रविवार 30 नवंबर से रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने वाली है। इसी बीच टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने गुरुवार (27 नवंबर) को रांची में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से उनके घर पर मुलाकात की। विराट कोहली, ऋषभ पंत और रुतुराज गायकवाड़ हाई-प्रोफाइल पार्टी में शामिल होने धोनी के घर पहुंचे थे। इस मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए हैं। एक वायरल वीडियो में एमएस धोनी खुद एसयूवी कार ड्राइव करके विराट कोहली को होटल छोड़ने जा रहे हैं। यह वीडियो दोस्ती की ऐसी मिसाल पेश करता है।
फैंस को सबसे अधिक खुशी इस बात से हुई कि इस पार्टी के बाद धोनी खुद कोहली को अपनी कार में बिठाकर होटल छोड़ने जा रहे थे। वायरल क्लिप में धोनी गाड़ी चला रहे हैं और कोहली उनके बगल में बैठे हुए हैं। दोनों सड़कों पर जमा हुए खुश फैंस का हाथ हिला रहे थे। कुछ ही मिनटों में यह वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म पर छा गई। कई फैंस ने इसे 'साल का सबसे बड़ा पल' करार दिया।
पंत और गायकवाड़ ने भी भारत के पूर्व कप्तान से भी मुलाकात की। जब भी नेशनल क्रिकेट टीम धोनी के होमटाउन में खेलती है तो खिलाड़ी उनके घर जरूर जाते हैं। पंत लंबे समय से धोनी को अपना मेंटर मानते हैं। वह टीम के साथियों के साथ पहुंचे। जबकि गायकवाड़ अपने IPL कप्तान के साथ आसानी से घुलमिल गए हैं।
यह मुलाकात भारतीय टीम के लिए एक अहम मौके पर हुई। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ODI टीम की कमान संभाल रहे हैं। टीम निराशाजनक टेस्ट सीरीज के बाद जल्दी से वापसी करना चाह रही है। ODI सेटअप में वापसी कर रहे कोहली से भारत की बैटिंग को मजबूत करने की उम्मीद है। धोनी के घर पर उनकी मौजूदगी ने न सिर्फ फैंस में उत्साह बढ़ाया। बल्कि टीम में नई एनर्जी और एकजुटता का भी प्रतीक था।
इस हफ्ते की शुरुआत में रांची पहुंचे भारतीय खिलाड़ियों ने रीयूनियन के लिए कुछ समय के लिए अपना ट्रेनिंग शेड्यूल रोक दिया। धोनी के घर के बाहर दिन भर भीड़ लगी रही। हर स्टार के आने पर चीयर करती रही। फोटो और वीडियो खूब शेयर होते रहे। भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों रांची में है। वहां साउथ अफ्रीका के साथ पहला वनडे मैच होना है।
रांची एमएस धोनी का होमटाउन है, ऐसे में पूर्व कप्तान का मौजूदा क्रिकेट टीम से मिलना तो बनता ही है। ऐसे मौके को खास बनाने के लिए धोनी ने विराट कोहली, ऋषभ पंत और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को अपने फार्महाउस पर डिनर के लिए बुलाया था। पार्टी की कोई तस्वीरें तो बाहर नहीं आ पाईं। लेकिन जाने-जानें की तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं।