Dhurandhar CM vs Lyari Raj: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले लखनऊ और अमेठी में कई जगहों पर समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर' से प्रेरित पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इस पोस्टर वार से एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। 'यूथ अगेंस्ट माफिया' नामक कथित संगठन द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ अमेठी रेलवे स्टेशन परिसर सहित विभिन्न चौराहों पर होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं।
इन पोस्टरों में लिखा है ''आप को क्या चाहिए? 'धुरंधर CM' या अखिलेश का ल्यारी राज...।'' यहां 'ल्यारी' का संदर्भ पाकिस्तान के कराची शहर के उस इलाके से जोड़ा गया है जो कभी गैंगवार और हिंसा के लिए कुख्यात रहा है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' में भी इस इलाके का उल्लेख किया गया है।
होर्डिंग में एक ओर अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में हुई कथित हिंसा और दंगों का जिक्र किया गया है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में माफिया और अपराधियों पर हुई कार्रवाई का विवरण दिया गया है। होर्डिंग पर 'यूथ अगेंस्ट माफिया' नामक संगठन का नाम भी प्रमुखता से दर्ज है। साथ ही संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष, महामंत्री और प्रतापगढ़ प्रभारी के नाम एवं फोटो भी लगाए गए हैं।
इस बीच, सपा ने ऐसे पोस्टर लगाए जाने की निंदा की है। सपा के जिला प्रवक्ता और वकील राजेश मिश्रा ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार की हताशा और निराशा का प्रमाण है। उन्होंने कहा, "दीपक बुझने से पहले कई रूपों में नजर आता है। भारतीय जनता पार्टी का दीपक बुझने वाला है। BJP की सरकार को इस बात का एहसास हो चुका है कि अब उनकी वापसी नहीं होने वाली है इसलिए उनके वह तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। जनता सब समझती है।"
उधर, अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने कहा कि ऐसे पोस्टर लगाए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को रिलीज हुई। यह दिसंबर 2025 में आई फिल्म ‘धुरंधर’ की अगली कड़ी है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने विश्वभर में 1,501 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इससे रिलीज के 15 दिनों के भीतर ही यह अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसे जियो स्टूडियोज तथा B62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित किया गया है।
फिल्म ने हिंदी सिनेमा की शुरुआती स्तर पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म के साथ-साथ पहले और दूसरे सप्ताह में सर्वाधिक कारोबार करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में सर्वाधिक कमाई करने और सबसे तेजी से 1,000 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने में भी सफलता हासिल की है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा, जहां इसने पहले दो सप्ताह में 367 करोड़ रुपये की कमाई की। इस उपलब्धि के साथ ही यह उत्तरी अमेरिका में सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 1,134 करोड़ रुपये का कुल कारोबार किया है।
'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।