Diwali 2026: दिवाली पर लोग सिर्फ कपड़े और मिठाई की खरीदारी नहीं करते, बल्कि घर के इंटीरियर और डेकोरेशन पर भी अच्छा-खासा खर्च करते हैं। दिल्ली हाट में इस बार घर सजाने के लिए कई तरह के कॉपर और मेटल से बने डेकोरेटिव आइटम्स के साथ देवी-देवताओं की मूर्तियां भी मौजूद है। यहां ग्राहकों को छोटे बजट से लेकर बड़े और प्रीमियम आइटम तक मिल रहे हैं।
पेड़-पौधों और नेचर से जुड़े डेकोर की डिमांड
इस बार, स्टॉल पर पेड़, पत्तियों और फूलों से प्रेरित सजावटी सामान खास तौर पर मौजूद हैं। दुकानदार के मुताबिक, इन पेड़-थीम वाले सामान की ग्राहकों के बीच बहुत डिमांड है। कई सामान पहले ही बिक चुके हैं। उनका कहना है कि उनका काम मुख्य रूप से प्रकृति पर फोकस करता है। भविष्य में इस थीम पर नए आइटम बनाए जाएंगे।
₹350 से शुरू होती है मूर्तियों की कीमत
बजट के हिसाब से छोटे आइटम की कीमत लगभग ₹400-500 से शुरू होती है। भगवान की मूर्तियों की कीमत साइज और डिजाइन के हिसाब से अलग-अलग होती है। हनुमान जी की मूर्ति की शुरुआती कीमत लगभग ₹350 है। कस्टमर की जरूरत के हिसाब से, 3-4 इंच से लेकर कई फीट तक की मूर्तियां बनाई जाती हैं। स्टॉल पर अलग-अलग साइज की हनुमान की मूर्तियां, देवी चरण, भगवान राम और दूसरी धार्मिक चीज़ें भी हैं। दुकानदार के मुताबिक, कस्टमर दिवाली पूजा और घर की सजावट के लिए अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से ये चीजें खरीदते हैं। बड़े घर या ज्यादा जगह वाले कस्टमर के लिए बड़े आइटम भी ऑर्डर पर बनवाए जा सकते हैं।
₹50 हजार नहीं, ₹1 लाख तक के आइटम
इस स्टॉल पर अलग-अलग बजट के हिसाब से आइटम मिलते हैं। जहां छोटे डेकोरेटिव आइटम कुछ सौ रुपये में मिल जाते हैं। वहीं बड़े, खास डिजाइन वाले आइटम की कीमत ₹50,000 से लेकर लगभग ₹1 लाख तक होती है। इसका मतलब है कि चाहे कोई कस्टमर कम बजट में अपना घर सजाना चाहे या कोई बड़ा स्टेटमेंट पीस खरीदना चाहे, बहुत सारे ऑप्शन मौजूद हैं।
कॉपर से तैयार किए जाते हैं कई आइटम
दुकानदारों के मुताबिक, उनके कई प्रोडक्ट लगभग 80% कॉपर और 20% जिंक से बने हैं। कॉपर के गिलास और घर के दूसरे सामान भी मिलते हैं। उनका कहना है कि कस्टमर भी ट्रेडिशनल मेटल की चीज़ों में फिर से दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
त्योहार पर ग्राहकों को 15% तक डिस्काउंट
दिवाली के मौके पर ग्राहकों को करीब 15% तक की छूट भी दी जा रही है। दुकानदार के मुताबिक, त्योहार के दौरान ग्राहकों को राहत देने के लिए यह डिस्काउंट रखा गया है। ऐसे में कीमत के लिहाज से देखें तो यहां ₹350 की मूर्ति से लेकर ₹1 लाख तक के प्रीमियम डेकोरेशन आइटम मौजूद हैं।
(दिल्ली से शुभांगी तिवारी की रिपोर्ट)