दिल्ली से महाराष्ट्र के शिरडी जा रही इंडिगो फ्लाइट में नशे में धुत एक पुरुष यात्री ने एयर होस्टेस से छेड़छाड़ की। यह घटना शुक्रवार दोपहर को हुई और शिरडी एयरपोर्ट पर पहुंचते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यात्री ने विमान के शौचालय के पास एयर होस्टेस को गलत तरीके से छुआ। एयर होस्टेस ने घटना की जानकारी क्रू मैनेजर को दी, जिन्होंने लैंडिंग के बाद सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी दी।
उस व्यक्ति को राहाता पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया। बाद में मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि यात्री ने शराब पी रखी थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को राहाता पुलिस ने नोटिस भेजा है।
इंडिगो ने एक प्रेस बयान में कहा, "हमें 2 मई, 2025 को दिल्ली से शिरडी जाने वाली फ्लाइट 6E 6404 में हुई घटना की जानकारी है, जहां एक यात्री ने केबिन क्रू के साथ अनुचित व्यवहार किया। हमारे क्रू ने मानक प्रक्रियाओं का पालन किया और ग्राहक को अनियंत्रित घोषित कर दिया गया। लैंडिंग के बाद यात्री को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया। इंडिगो में, हम सभी के लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और किसी भी असुविधा के लिए खेद है।"