Duplicate Ghee in Delhi: दिल्ली पुलिस ने मिलावटी घी बेचने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चल रही तीन अवैध निर्माण कंपनियों से 1,600 किलोग्राम मिलावटी घी जब्त किया गया है। हानिकारक रसायनों वाले नकली घी पर अंकुश लगाने के लिए यह छापेमारी त्योहारी सीजन के दौरान की गई है। इसी महीने के अंत में दिवाली भी है। अधिकारियों ने बताया कि शिव विहार, करावल नगर और मुस्तफाबाद में की गई कार्रवाई में शफीक (30), यूसुफ मलिक (50), उसके बेटे महबूब (22), शाकिर, शाहरुख और जमालुद्दीन (40) नामक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के अनुसार मिलावटी घी के सेवन से कैंसर भी हो सकता है। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने पीटीआई को बताया कि दशहरा और दिवाली के दौरान मांग में वृद्धि के मद्देनजर बड़े पैमाने पर मिलावटी सामान बनाए जाने के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कई टीम गठित कीं और लगातार छापे मारे।
उन्होंने बताया कि तीन स्थान से 1,625 किलोग्राम मिलावटी घी से भरे 105 लोहे के टिन, रसायन, दवाइयां, स्टोव, गैस सिलेंडर और उसे बनाने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं। भारतीय न्याय संहिता (BNS) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि व्यापक आपूर्ति शृंखला का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
700 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दीवाली से पहले बिंदापुर मटियाला गांव में अवैध पटाखों का बड़ा भंडार जमा किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान, सिंह के परिसर के भूतल से 42 विभिन्न ब्रांड के 693 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। सिंह ने स्वीकार किया कि उसने त्योहारों के मौसम में बेचने के लिए पटाखे लाए थे, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
पुलिस ने बताया कि उसने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने ये पटाखे पंजाब के कुराली में सड़क किनारे की दुकानों से खरीदे थे, जहां ऐसे पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित नहीं है। पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।