ED Vs Jharkhand Police: झारखंड में नया खेला! मारपीट के आरोप की जांच के लिए ED ऑफिस पहुंची रांची पुलिस, हाई वोल्टेज ड्रामा

ED Vs Jharkhand Police: झारखंड पुलिस की एक टीम ने गुरुवार (15 जनवरी) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों पर हमले की शिकायत के संबंध में रांची स्थित एजेंसी के जोनल ऑफिस का दौरा किया। यह टीम ED अधिकारियों पर हमले की शिकायत के सिलसिले में गई थी। यह कार्रवाई एक FIR के बाद हुई है

अपडेटेड Jan 15, 2026 पर 6:38 PM
Story continues below Advertisement
ED Vs Jharkhand Police: DSP रैंक के अधिकारी और एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज सहित एक पुलिस टीम ED ऑफिस पहुंची

ED Vs Jharkhand Police: झारखंड से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां रांची पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। रांची पुलिस की एक टीम ने गुरुवार (15 जनवरी) सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों पर हमले की शिकायत के संबंध में एजेंसी के जोनल ऑफिस का दौरा किया। यह टीम ED अधिकारियों पर हमले की शिकायत के सिलसिले में गई थी। यह कार्रवाई पेयजल और स्वच्छता विभाग के एक कर्मचारी द्वारा दर्ज की गई FIR के बाद हुई है।

राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एक पूर्व कर्मचारी ने 12 जनवरी को रांची के एयरपोर्ट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उसने आरोप लगाया था कि कथित जल आपूर्ति घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के दौरान ED के अधिकारियों ने उसकी पिटाई की थी। सूत्रों के अनुसार, डीएसपी रैंक के अधिकारी और एयरपोर्ट पुलिस थाने के प्रभारी सहित पुलिस की एक टीम मामले की जांच करने के लिए रांची स्थित ईडी कार्यालय पहुंची।

हालांकि, रांची पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए ईडी कार्यालय के पास CISF कर्मियों को तैनात किया गया है। इस बीच, झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि ED कार्यालय पर पुलिस कार्रवाई की आड़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़े मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण सबूतों के साथ छेड़छाड़ और उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है।


मरांडी ने वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया, "सूचना मिली है कि रांची के एयरपोर्ट रोड पर स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय को रांची पुलिस ने घेर लिया है। ईडी कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण सबूत मौजूद हैं।"

मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, "यह आशंका है कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन महत्वपूर्ण सबूतों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है।" BJP के इन आरोपों से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

ये भी पढ़ें- I-Pac Raid Case: आई-पैक रेड केस में ममता बनर्जी को बड़ा झटका! ED अधिकारियों पर दर्ज FIR पर रोक, बंगाल सरकार और DGP को नोटिस जारी

इस बीच, इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक ED ने सुबह-सुबह पुलिस के दखल पर कड़ी नाराजगी जताई है। इससे झारखंड में केंद्रीय एजेंसी और राज्य अधिकारियों के बीच तनाव बढ़ गया है। सदर DSP और एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज सहित सीनियर पुलिस अधिकारी ED ऑफिस में मौजूद हैं। इस बीच, ED ने सुरक्षा कारणों से केंद्रीय पुलिस बलों को बुलाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।