Macron India Visit: 'संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित'; पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का किया स्वागत

Emmanuel Macron India Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सोमवार (16 फरवरी) देर रात मुंबई पहुंचे जहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक करेंगे। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेता भारत एवं फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे

अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 10:47 AM
Story continues below Advertisement
Emmanuel Macron India Visit: पीएम मोदी ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यात्रा को लेकर भारत उत्साहित है

Emmanuel Macron India Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (17 फरवरी) को कहा कि भारत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यात्रा और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर उत्साहित है। पीएम मोदी ने सोशल मीडडिया प्लेटफॉर्म X पर मैक्रों की एक पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए यह बात कही। फ्रांस के राष्ट्रपति ने पोस्ट में कहा था कि वह भारत रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई एवं नई दिल्ली की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान वह एवं पीएम मोदी दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और आगे ले जाएंगे।

इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा, "भारत में आपका स्वागत है! भारत आपकी यात्रा और हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित है। मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी तथा वैश्विक प्रगति में योगदान देगी। मेरे प्रिय मित्र इमैनुएल मैक्रों, मुंबई में और फिर दिल्ली में मिलते हैं।"

इससे पहले, मैक्रों ने भारत के लिए रवाना होते समय सोमवार को X पर लिखा था, "भारत रवाना हो गया हूं। मुंबई से नयी दिल्ली तक तीन दिन का सफर... ताकि हमारी रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सके। मेरे साथ विमान में व्यापार जगत के दिग्गज और आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं डिजिटल क्षेत्र के वे लोग हैं जो भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को वास्तविक, ठोस रूप देते हैं। हम साथ मिलकर सहयोग को और आगे ले जाएंगे। मेरे प्रिय मित्र- नरेन्द्र मोदी, कल मिलते हैं।"


दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। राष्ट्रपति मैक्रों भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शिखर सम्मेलन में भाग लेने और मुंबई में द्विपक्षीय शिखर बैठक करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए हैं। यह राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई एयरपोर्ट पर मैक्रों की अगवानी की। फडणवीस ने मैक्रों के मुंबई पहुंचने के कुछ देर बाद रात लगभग दो बजे X पर लिखा, "मुंबई में आपका स्वागत है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और फर्स्ट लेडी ब्रिजिट मैक्रों के मुंबई पहुंचने पर उनका हार्दिक स्वागत है। महाराष्ट्र आपका स्वागत करता है। राष्ट्रपति मैक्रों और पूरे फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के सुखद प्रवास और सफल यात्रा की कामना करता हूं।"

मैक्रों का स्वागत करने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी एयरपोर्ट पर मौजूद थीं। पीएम मोदी और मैक्रों की चर्चा रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने तथा उन्हें नए एवं उभरते क्षेत्रों में और अधिक विविध बनाने पर केंद्रित होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे। वे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।

ये भी पढ़ें- Macron India Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुंबई पहुंचे! आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, AI इम्पेक्ट समिट में भी होंगे शामिल

दोनों नेता मंगलवार दोपहर दक्षिण मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय संवाद करेंगे। इसके बाद वे इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के व्यापार जगत के नेताओं, स्टार्ट-अप और शोधकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।