Gurugram Suicide Case: गुरुग्राम से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां पर एक प्राइवेट स्कूल चलाने वाले व्यक्ति ने अपनी 2 साल की बेटी को गोद में लेकर एक रिहायशी बिल्डिंग की 23वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। ये जानकारी सोमवार को पुलिस ने दी।
Gurugram Suicide Case: गुरुग्राम से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां पर एक प्राइवेट स्कूल चलाने वाले व्यक्ति ने अपनी 2 साल की बेटी को गोद में लेकर एक रिहायशी बिल्डिंग की 23वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। ये जानकारी सोमवार को पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली के नांगलोई इलाके के रहने वाले 35 साल के राहुल विजयरण रिहायशी सोसाइटी के टावर 9 में रहते थे, लेकिन उन्होंने दूसरे टावर से छलांग लगाई, जिससे मामला संदिग्ध हो जाता है।
विजयरण के परिवार के अनुसार, कोविड-19 महामारी के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी और वे इस वजह से काफी परेशान थे। बता दें कि यह घटना सेक्टर 102 स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में सुबह करीब 7:30 बजे हुई।
बेटी के साथ पार्क गए थे विजयरण
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह नीतू दहिया घर पर खाना बना रही थीं, तभी उनके पति विजयरण अपनी बेटी वामिका को सोसाइटी के पार्क में खेलने के लिए ले गए। बाद में वे टावर 5 की 23वीं मंजिल पर गए और अपनी बच्ची के साथ छलांग लगा दी।
शोर सुनकर नीतू जब बाहर निकली तो उसने एक आदमी और एक लड़की को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। स्थानीय लोग दोनों को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विजयरण के भाई ने दी जानाकरी
विजयरण के भाई अमित ने पुलिस को बताया कि उनके भाई की शादी 2014 में हुई थी। दंपति की एक 11 साल की बेटी भी है जो देहरादून में पढ़ती है और वहीं एक गर्ल्स हॉस्टल में रहती है।
मृतक के भाई अमित ने पुलिस को यह भी बताया कि उनका भाई पिछले दो महीनों से इसी सोसाइटी में रह रहा था और वह दिल्ली के किराड़ी में एक स्कूल चलाता है।
उन्होंने आगे बताया, “कोरोना होने के बाद मेरे भाई की आंखों की रोशनी कम हो गई थी, जिससे उनकी एक आंख की रोशनी चली गई और दूसरी आंख की रोशनी भी सीमित हो गई। इस वजह से वह बहुत परेशान थे, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया।”
वहीं, सब इंस्पेक्टर जगमल सिंह ने बताया कि परिवार ने कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
अधिकारी ने कहा, “आत्महत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसने दूसरे टावर से छलांग क्यों लगाई। आगे की जांच जारी है।”
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।