
Prajwal Revanna : पूर्व प्रधानमंत्री HD देवेगौड़ा के पोते और JDS के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को रेप केस में दोषी करार दिया गया है। वहीं कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद प्रज्वल रेवन्ना ने कहा है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी एकमात्र गलती राजनीति में तेजी से आगे बढ़ना थी। बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने शुक्रवार को उनके खिलाफ दर्ज चार मामलों में से एक में उन्हें दोषी ठहराया है। अब शनिवार को अदालत सजा का ऐलान करेगा। वहीं शुक्रवार को सुनवाई के दौरान, रेवन्ना अदालत में रो पड़े और न्यायाधीश से कम सजा देने की अपील की।
प्रवज्जल रेवन्ना ने कही ये बात
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रज्वल रेवन्ना ने अदालत को बताया कि वह बीई मैकेनिकल में ग्रेजुएट हैं और हमेशा अपनी योग्यता के आधार पर पास हुए हैं। रेवन्ना ने अदालत में कहा, "लोग कहते हैं कि मैंने कई महिलाओं के साथ बलात्कार किया है, लेकिन कोई भी महिला अपनी मर्ज़ी से शिकायत करने नहीं आई। वे सभी लोकसभा चुनाव से सिर्फ छह दिन पहले आई थीं। मुझे लगता है कि विपक्ष ने जानबूझकर उन्हें लाकर शिकायत करवाई।"
उन्होंने यह भी कहा कि जिस महिला ने उन पर आरोप लगाए, उसने कथित घटना की जानकारी न तो अपने पति को दी और न ही किसी रिश्तेदार को। रेवन्ना ने दावा किया कि वह तभी शिकायत करने आई जब कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए।
साजिश का जताई आशंका
अदालत के फैसले को स्वीकार करते हुए प्रज्वल रेवन्ना ने कहा, "मेरा एक परिवार है। मैंने पिछले छह महीने से अपने माता-पिता को नहीं देखा है... मेरी अदालत से बस यही प्रार्थना है कि मुझे कम से कम सज़ा दी जाए।" रेवन्ना, जिन्हें पिछले साल मई में जर्मनी से लौटने पर गिरफ्तार किया गया था, ने कहा, "मैंने अपनी ज़िंदगी में सिर्फ एक गलती की है — वो यह कि मैंने राजनीति में बहुत तेजी से तरक्की की।"
सांसदों और विधायकों से जुड़े मामलों की विशेष अदालत के जज संतोष गजानन भट ने शुक्रवार को 34 वर्षीय प्रज्वल रेवन्ना को चार यौन शोषण और बलात्कार के मामलों में से एक में दोषी ठहराया। अब शनिवार को उन्हें सजा सुनाई जा सकती है। सजा तय करने से पहले सरकारी वकीलों ने अदालत से रेवन्ना को उम्रकैद देने की अपील की।
महिला ने लगाए ये गंभीर आरोप
यह मामला एक 48 वर्षीय महिला से जुड़ा है, जो हासन ज़िले के होलेनरसीपुरा इलाके में स्थित गन्निकाडा फार्महाउस में सहायिका के तौर पर काम करती थी। महिला ने आरोप लगाया कि 2021 में रेवन्ना ने फार्महाउस और बेंगलुरु स्थित अपने घर में दो बार उसके साथ बलात्कार किया और इन घटनाओं का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।