फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने खाने-पीने की चीजों को लेकर नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों पर सख्ती बढ़ा दी है। FSSAI ने पिछले कुछ महीनों में खाद्य कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी मामले में FSSAI ने 150 से ज्यादा कंपनियों को नोटिस भेजे हैं। इन कंपनियों पर विज्ञापनों में ग्राहकों को गुमराह करने, प्रोडक्ट के बारे में गलत या भ्रामक दावे करने और पैकेट पर जरूरी जानकारी सही तरीके से नहीं देने जैसे आरोप हैं। FSSAI ने शनिवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी। नोटिस पाने वाली कंपनियों में कई बड़ी और जानी-मानी फूड कंपनियां भी शामिल हैं।
FSSAI ने सोशल मीडिया पर बताया कि, "गुमराह करने वाले विज्ञापनों, गलत दावों और लेबलिंग नियमों का पालन नहीं करने के मामले में 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं।" FSSAI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नोटिस पाने वाली कंपनियों में नेस्ले इंडिया, पेप्सिको, एबॉट इंडिया, रेड बुल इंडिया, डैनोन इंडिया, मॉन्स्टर एनर्जी इंडिया, हेल एनर्जी, मोंडेलेज इंडिया, कोका-कोला इंडिया, डियाजियो, परनोड रिकार्ड, फेरेरो इंडिया और केनव्यू इंक जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
FSSAI ने बताया कि, वह पिछले कुछ महीनों से फूड सेफ्टी से जुड़े कानूनों और नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। नियमों के उल्लंघन के शक में उसने कुछ कंपनियों के प्रोडक्ट भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के दायरे में एनर्जी ड्रिंक और शराब बनाने वाली कंपनियां भी शामिल हैं। रेगुलेटर ने कहा कि इन कंपनियों के खिलाफ नियमों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ई-कॉमर्स कंपनियों को भेजा नोटिस
FSSAI की कार्रवाई अब ऑनलाइन सामान बेचने वाली कंपनियों और फूड सर्विस से जुड़े कारोबार तक भी पहुंच गई है। रेगुलेटर ने Amazon और Flipkart समेत 12 ई-कॉमर्स कंपनियों को नोटिस भेजे हैं। FSSAI के मुताबिक, इस कार्रवाई के बाद Amazon के एक वेयरहाउस का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है। FSSAI ने KFC, McDonald’s, Pizza Hut, Domino’s और Costa Coffee जैसी फूड सर्विस कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। रेगुलेटर ने इन कंपनियों को 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए हैं। FSSAI के मुताबिक, नियमों के उल्लंघन के मामले में Domino’s के पांच लाइसेंस भी सस्पेंड किए गए हैं।
कई कंपनियों ने दूर की अपनी कमियां
FSSAI ने पिछले साल भी कई फाइव-स्टार होटलों को नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किए थे। रेगुलेटर के मुताबिक, नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने अपनी कमियां दूर करने और जरूरी सुधार करने शुरू कर दिए हैं। FSSAI की यह कार्रवाई खाने की सुरक्षा के साथ-साथ विज्ञापनों और प्रोडक्ट लेबल पर दिए जाने वाली जानकारी से जुड़े नियमों को सही तरीके से लागू कराने के लिए की जा रही है।