Gujarat Fire: सूरत की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, बच्चे और महिलाओं समेत एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Surat Fire: गुजरात के सूरत में मीठी खाड़ी इलाके में स्थित एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। इस आगजनी में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। इस रिहायशी इमारत में लगी आग से आस-पास के इलाके में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल, बचाव अभियान जारी है

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 4:07 PM
Story continues below Advertisement
Gujarat Fire: गुजरात के सूरत शहर में एक मकान में लगी आग की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई

Gujarat Fire: गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार (31 मार्च) सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से चार महिलाओं और एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सूरत पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10 बजे लिंबायत पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मीठी खाड़ी इलाके में घटी। हादसे के समय इमारत में मौजूद परिवार फोम शीट का उपयोग करके साड़ियों की पैकिंग कर रहा था। पुलिस उपायुक्त (DCP) कानन देसाई ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

देसाई ने बताया कि आग एक तीन मंजिला मकान में लगी। इसका इस्तेमाल मकान मालिक द्वारा साड़ियों की पैकिंग के लिए किया जा रहा था। उन्होंने पीटीआई को बताया, "चूंकि आज छुट्टी का दिन है। इसलिए वे सामान पैक करने के लिए बड़ी मात्रा में सामग्री लाए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी और 108 इमरजेंसी सर्विस के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।"

अधिकारी ने बताया कि जब इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी बिल्डिंग में दाखिल हुए तो पूरा कमरा घने धुएं से भरा हुआ था। इससे शुरू में पीड़ितों तक पहुंचना मुश्किल हो गया था। देसाई ने बताया, "धुआं थोड़ा छंटने पर देखा गया कि सामने का कमरा और आसपास का इलाका साड़ियों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली फोम की शीट से भरा हुआ है। स्विचबोर्ड के पास भी फोम रखा हुआ था।"


शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि आग संभवत: शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। डीसीपी ने बताया, "दमकलकर्मियों से हुई हमारी शुरुआती बातचीत के आधार पर, हमें संदेह है कि स्विचबोर्ड के सामने रखे फोम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी। चूंकि इस फोम में रसायन होते हैं, इसलिए इससे भारी धुआं निकला।"

उन्होंने बताया कि पीड़ितों की मौत जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से हुई। देसाई ने बताया, "धुएं के कारण दम घुटने से चार महिलाएं और एक बच्चा गंभीर रूप से प्रभावित हुए। उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।"

यूपी के रहने वाले थे मृतक

अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की पहचान शहनाज बेगम अंसारी (65), हुसा बेगम अंसारी (18), शबीना अंसारी (28), परवीन अब्दुल अंसारी (19) और सुभान अली अंसारी (4) के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शी यूनुस खान ने दावा किया कि अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग तेजी से फैली।

उन्होंने दावा किया, "अंदर फोम से भरे बोरे और साड़ियां पड़ी थीं। जब उनमें आग लगी, तो परिवार के सदस्य घबरा गए और यह सोचकर पीछे के कमरे में चले गए कि वे सुरक्षित रहेंगे। लेकिन फोम में रसायन थे और उससे जहरीली गैस निकली, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।"

ये भी पढ़ें- Nalanda Sheetla Mandir Stampede News: बिहार के नालंदा में बड़ा हादसा! शीतला माता मंदिर में भगदड़ से 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

खान ने पत्रकारों से बताया कि पीड़ित महिलाएं मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। वे साड़ी पैकिंग का काम करती थीं। उन्होंने बताया कि हादसे के समय महिलाएं और एक बच्चा घर पर था। जबकि परिवार के पुरुष काम पर बाहर गए हुए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।