Gujarat Gambhira Bridge Collapse: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार (9 जुलाई) सुबह एक पुल का हिस्सा गिरने से पांच से छह वाहन महिसागर नदी में जा गिरे। पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह वडोदरा जिले के पादरा में चार दशक पुराने गंभीरा पुल के ढहने की घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में कई अन्य के फंसे होने की आशंका है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। इसके तुरंत बाद बचाव और तलाशी अभियान शुरू किया गया। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे अचानक से पुल गिर गया। महिसागर नदी पर बना यह पुल वडोदरा और आणंद को जोड़ता है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुल ढहने की घटना के बाद कई वाहन पानी में डूब गए। पीटीआई ने पादरा के SP विजय चरण के हवाले से बताया कि अब तक चार लोगों को बचा लिया गया है। डूबे वाहनों में दो ट्रक और दो वैन शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि राज्य राजमार्ग के पास महिसागर नदी पर स्थित गंभीरा पुल सुबह करीब साढ़े सात बजे ढह गया।
उन्होंने बताया, "महिसागर नदी पर बने पुल का एक हिस्सा सुबह करीब साढ़े सात बजे ढह जाने से दो ट्रक और दो वैन समेत करीब चार वाहन नदी में गिर गए। हमने अब तक चार लोगों को बचाया है।" बताया जा रहा है कि पादरा का यह पुल करीब 45 साल पुराना था। वहां नया पुल बनाने की तैयारी की जा रही थी।
आणंद कलेक्टर प्रवीण चौधरी ने बताया, "आज सुबह करीब 8 बजे, आणंद को वडोदरा से जोड़ने वाले गंभीरा पुल का एक हिस्सा ढह गया। वडोदरा प्रशासन से तुरंत संपर्क किया गया और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ट्रक, एक इको, और कुछ बाइक नीचे गिर गए हैं। बचाव अभियान जारी है। वडोदरा प्रशासन और NDRF मौके पर मौजूद हैं... पुल पर फंसे एक टैंकर को गिरने से बचाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। वडोदरा टीम, पुलिस प्रशासन, NDRF सभी बचाव अभियान में लगे हुए हैं।"
मंत्री ने दिए जांच के आदेश
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि गंभीरा पुल का एक स्लैब ढह जाने से पांच से छह वाहन महिसागर नदी में गिर गए। उन्होंने कहा कि महिसागर नदी पर स्थित गंभीरा पुल मध्य गुजरात और राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण 1985 में हुआ था। समय समय पर तथा जरूरत पड़ने पर इसका रखरखाव किया जाता था।
मंत्री ने कहा, ठघटना के वास्तविक कारण की जांच की जाएगी।ठ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तकनीकी विशेषज्ञों को घटनास्थल पर पहुंचने और हादसे के कारण की जांच का निर्देश दिया। घटना के वीडियो में दो खंभों के बीच पुल का पूरा स्लैब ढहता हुआ नजर आ रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि वडोदरा दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक टीम भी बचाव उपकरण के साथ घटनास्थल रवाना हो गई है। करीब 900 मीटर लंबे गंभीरा पुल के 23 खंभे हैं। इसका उद्घाटन 1985 में हुआ था।