Gujarat Local Body Election Results 2026: गुजरात निकाय चुनाव में BJP का परचम! सभी 15 नगर निगमों पर कब्जा, कांग्रेस-AAP और AIMIM की इतने सीटों पर जीत

Gujarat Local Body Election Results 2026: गुजरात में 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के अधिकारियों ने बताया कि मतगणना मंगलवार (28 अप्रैल) सुबह 9 बजे से शुरू हुई। भारतीय जनता पार्टी (BJP) फिलहाल सभी सीटों पर आगे चल रही है

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 4:57 PM
Story continues below Advertisement
Gujarat Local Body Election Results 2026: गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार सुबह से जारी है

Gujarat Local Body Election Results 2026 News Updates: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मंगलवार (28 अप्रैल) सुबह से मतगणना जारी है। राज्य में 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए रविवार 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के अधिकारियों ने बताया कि मतगणना मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई। ये स्थानीय निकाय चुनाव राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले, सबसे बड़े चुनावी अभ्यास में से एक माने जा रहे हैं।

चुनाव आयोग द्वारा द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार, नगर निगमों में मतदान प्रतिशत 55.1 प्रतिशत, नगर पालिकाओं में 65.53 प्रतिशत, जिला पंचायतों में 66.64 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 67.26 प्रतिशत रहा। नगर निगमों में, कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम मतदान 46.03 प्रतिशत रहा। जबकि वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

अहमदाबाद नगर निगम में 51.81 प्रतिशत मतदान हुआ। 9 नवगठित नगर निगमों नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में पहली बार चुनाव हुए। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण के संशोधित मानदंडों के तहत चुनाव कराए गए। इसके लिए कई जिलों में व्यापक परिसीमन और वार्ड के पुनर्गठन की जरूरत थी।


गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP), विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख दावेदार हैं। जबकि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने भी कई स्थानों पर चुनाव लड़ा। रुझानों के अनुसार, गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी यानी BJP की जबरदस्त जीत तय मानी जा रही है।

राज्य में 25 साल से सत्ताधारी भगवा पार्टी सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं, जिला और उप-जिला पंचायतों में बढ़त बनाए हुए है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनावों से पहले कुल 732 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए थे। इनमें नगर पालिकाओं के 385 उम्मीदवार शामिल हैं।

ये भी पढे़ं- Mumbai Tarbuj Death Update: पहले छोटी बेटी फिर मां और बड़ी बेटी, इसके बाद पिता की मौत... तरबूज खाने के बाद इनकी जान कैसे गई? डॉक्टर ने ये सब बताया

शाम 5 बजे तक का अपडेट (Update at 05 pm)

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2026 के गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में जबरदस्त जीत हासिल की है। भगवा पार्टी ने सभी 15 नगर निगमों पर कब्ज़ा कर लिया है। रिपोर्टों के मुताबिक, BJP ने हर निगम में 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटें जीती हैं।

दोपहर 2 बजे तक का अपडेट (Update at 02 pm)

अभी तक के मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली है। अब तक 9,200 से अधिक सीटों में से 2,531 सीटों पर भगवा पार्टी ने जीत दर्ज की है। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा शेयर किए गए लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 385 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों और आम आदमी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन सहित अन्य दलों ने 169 सीटें जीती हैं।

रुझानों के अनुसार, BJP तालुका पंचायतों में 1,165 सीटों, जिला पंचायतों में 251, नगरपालिकाओं में 825 और नगर निगमों में 290 सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने तालुका पंचायतों में 235 सीटें, जिला पंचायतों में 23, नगरपालिकाओं में 118 और नगर निगमों में 8 सीटें हासिल की हैं।

दोपहर 1 बजे तक का अपडेट (Update at 1 pm)

दोपहर एक बजे तक के सामने आए नतीजों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी और बढ़त बना ली है। 15 नगर निगमों में से सात पर भगवा पार्टी ने कब्जा कर लिया है। इनमें नडियाद, मेहसाणा, वापी, पोरबंदर, सुरेंद्रनगर, नवसारी और मोरबी शामिल हैं। इसके अलावा, BJP सूरत, अहमदाबाद और राजकोट में भी ज्यादातर सीटों पर आगे चल रही है।

मुश्किल में AAP-कांग्रेस

वडोदरा के वार्ड 1 को कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। लेकिन वहां एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। BJP ने दो सीटें जीत ली है। जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने कब्जा जमाया, जिससे कांग्रेस के हाथ सिर्फ़ एक सीट लगी। वहीं, पिछले चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बावजूद, आम आदमी पार्टी (AAP) सूरत में अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाई है।

दोपहर 12 बजे तक का अपडेट (Update at 12 pm)

दोपहर 12 बजे तक सामने आए रिजल्ट के अनुसार, गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 15 में से चार नगर निगमों में जीत हासिल कर ली है। भगवा पार्टी ने हाल ही में बने मेहसाणा, मोरबी, नाडियाद और वापी नगर निगमों में जीत दर्ज की। जबकि अन्य सभी सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। कांग्रेस मेहसाणा, मोरबी और नाडियाड में एक भी सीट नहीं जीत पाई है। 15 कॉर्पोरेशन की 1,044 सीटों में से BJP 718 सीटों पर आगे है। जबकि कांग्रेस 88 सीटों पर आगे चल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।