उत्तर प्रदेश के एविएशन इतिहास में 15 जून का दिन एक बड़े मील के पत्थर के रूप में दर्ज हो गया है। जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर पहली कमर्शियल फ्लाइट ने जैसे ही कदम रखा, राज्य के दो बड़े प्रशासनिक और आर्थिक केंद्रों लखनऊ और नोएडा के बीच हवाई कनेक्टिविटी का एक नया चैप्टर शुरू हो गया। इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने वालों में बॉलीवुड अभिनेत्री और एविएशन लवर गुल पनाग भी शामिल थीं। पहली फ्लाइट से नोएडा पहुंचने के बाद उन्होंने अपना बेहद खास अनुभव साझा किया है।
फ्लाइट नंबर 6E 2278 ने रचा इतिहास, 182 यात्री रहे सवार
आपको बता दें कि लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच पहली सीधी उड़ान संचालित की गई। इस उद्घाटन उड़ान को फ्लाइट नंबर 6E 2278 के रूप में संचालित किया गया, जिसने लखनऊ से उड़ान भरी और जेवर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस ऐतिहासिक सफर का गवाह बनने के लिए विमान में कुल 182 यात्री सवार थे। इस बेहद खास मौके का जश्न मनाने के लिए एयरपोर्ट और एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलि किया और भव्य केक काटने की रस्म भी निभाई।
गुल पनाग ने ऐसे जाहिर की खुशी
एविएशन के प्रति अपने खास लगाव और जुनून के लिए जानी जाने वाली एक्ट्रेस गुल पनाग ने इस पहली फ्लाइट के जरिए सफर करने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी तस्वीरें और अनुभव साझा किया। गुल पनाग ने लिखा कि, 'एक एविएशन एंथुजियास्टके रूप में यह सफर मेरे लिए बेहद खास था। लखनऊ से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उद्घाटन उड़ान का हिस्सा बनकर मैं बेहद रोमांचित हूं।' उन्होंने आगे लिखा कि वो इस बात को देखने के लिए उत्साहित हैं कि भारत का यह सबसे बड़ा हवाई अड्डा कनेक्टिविटी, मोबिलिटी और आर्थिक अवसरों के मामले में इस पूरे क्षेत्र के लिए क्या नए रास्ते खोलता है।
लॉन्च के दिन संचालित हुईं ये अन्य उड़ानें
15 जून 2026 को इस नए हवाई मार्ग की शुरुआत के मौके पर कुल तीन फ्लाइट्स का संचालन किया गया-
फ्लाइट 6E 2278: लखनऊ से रवाना होकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची।
फ्लाइट 6E 5212: नोएडा से उड़ान भरकर लखनऊ पहुंची।
फ्लाइट 6E 5219: पुनः लखनऊ से नोएडा के लिए रवाना हुई।
कब से शुरू होंगी रेगुलर उड़ानें?
लखनऊ और नोएडा के बीच इस सीधे हवाई मार्ग के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच का सफर न केवल बेहद तेज हो जाएगा, बल्कि बेहद सुविधाजनक भी होगा। इस नई कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा फायदा बिजनेस ट्रैवलर्स, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स को मिलने के साथ आम लोगों को भी मिलेगा। यह सीधा रूट उत्तर प्रदेश के अंदर रीजनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और राज्य की आर्थिक वृद्धि को तेज रफ्तार देने में एक अहम भूमिका निभाएगा। यहां ये जानना भी जरूरी है कि 15 जून को इस रूट पर पहली विशेष और उद्घाटन उड़ानों का संचालन किया गया है, लेकिन लखनऊ-नोएडा रूट पर आम जनता के लिए नियमित उड़ान सेवाएं 1 जुलाई 2026 से पूरी तरह शुरू कर दी जाएंगी।