Gurugram Cold Wave: हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दोनों ही जगहों पर रविवार रात का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुग्राम और बठिंडा दोनों जगह रविवार (11 जनवरी) की रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा के अधिकांश स्थानों और उनकी जॉइंट राजधानी चंडीगढ़ में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
कई क्षेत्रों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 1.8 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में दो डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.2 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.3 डिग्री सेल्सियस और मनसा में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसी तरह हरियाणा में नारनौल दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भिवानी में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 2.6 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 3.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 4.5 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच, दिल्ली में सोमवार को सबसे कम तापमान लोधी रोड पर तीन डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुग्राम में ठंड के बीच IMD अधिकारियों ने नई लहर की चेतावनी के बाद अगले दो दिनों के लिए क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम के तापमान में अचानक गिरावट पर बोलते हुए एक IMD अधिकारी ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' को बताया कि ठंड की लहर और घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की आशंका है।
अधिकारी ने आगे कहा, "इससे पहले 3 जनवरी को न्यूनतम तापमान 3.8°C दर्ज किया गया था। इस बीच, हमने रविवार की तुलना में जिले में तापमान में लगभग 3.5 डिग्री की महत्वपूर्ण गिरावट देखी। गुरुग्राम में मंगलवार 13 जनवरी तक ठंड की लहर और घने कोहरे की मौसम की स्थिति जारी रहने की आशंका है।"
गुरुग्राम के बाहरी इलाकों के कई गांवों में सोमवार सुबह तड़के फसलों और गाड़ियों पर पाला दिखाई दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के पाले का बनना लगभग फ्रीजिंग या शून्य से नीचे के तापमान का संकेत देता है। भले ही आधिकारिक शहरी रीडिंग थोड़ी अलग हो।
कई निवासियों ने कारों और खेतों पर पाए गए पाले की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर कीं। कई लोग तापमान रीडर लेकर ठंड में तापमान जानने के लिए भी निकले। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। साथ ही कई इलाकों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी कम रहेगी।
'इकोनॉमिक टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में 12 और 13 जनवरी को शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति रहने की आशंक है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 जनवरी को कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। इसके बाद धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी। अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इससे सड़क, रेल और हवाई यात्रा प्रभावित हो सकती है।