Gurugram School Bomb Threat: बुधवार को गुरुग्राम के कुछ स्कूलों में बम होने की धमकी देने वाला एक ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल परिसर को तुरंत खाली करवाया। साथ ही छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने संबंधित पुलिस थानों के कर्मियों के साथ-साथ डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ते और अन्य विशेष पुलिस टीमों को ईमेल में बताए गए स्कूलों में तैनात किया।
पुलिस टीमों ने क्लासरूम, इमारतों और स्कूल परिसर के आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया, "अभी तक की गई जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। कई टीमें मामले की गहन जांच कर रही हैं।"
उन्होंने कहा, ईमेल की प्रामाणिकता की जांच करने, उसके स्रोत का पता लगाने और भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर विशेषज्ञों को लगाया गया है।
संदीप कुमार ने आगे कहा कि "कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।" उन्होंने निवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया और नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि को देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा।
कुनस्कापालन स्कूल, DLF फेज-1, लांसर्स स्कूल (सेक्टर-53), हेरिटेज एक्सपीरियंशियल लर्निंग स्कूल (सेक्टर-64) और शेरवुड कॉन्वेंट स्कूल सहित कई स्कूलों में बम की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ।