Hamid Ansari: 'सनातन को नीचा दिखाने की कोशिश..'; हिंदू को लेकर हामिद अंसारी ने ऐसा क्या कह दिया कि सीएम योगी भड़क गए
Row Over Hamid Ansari: 'इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर' में दिवंगत संविधान विशेषज्ञ और लेखक ए. जी. नूरानी की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक विचार का उल्लेख किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि भारत के लिए असली खतरा साम्यवाद नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी संप्रदायवाद है
Hamid Ansari: 'हिंदू सांप्रदायिकता' वाले बयान को लेकर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक बयान पर बवाल मच गया है
Row Over Hamid Ansari: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (20 सितंबर) को पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि उनके बयान भारत की सनातन परंपरा को अपमानित करने वाले एवं हिंदू परंपरा का अनादर करने वाले हैं। ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में आयोजित 'प्रेरणा विमर्श' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को खतरे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने एक दिन पहले अंसारी द्वारा दिए गए दुर्भाग्यपूर्ण बयान का जिक्र किया।
'भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास'
अंसारी के बयान पर CM योगी ने कहा, "भारत की परंपराओं और संस्कृति को लेकर उनके बयान वास्तव में चिंताजनक हैं। भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने सनातन परंपरा को अपमानित करने वाले और हिंदू परंपरा का अनादर करने वाले बयान दिए तथा इसे आतंकवाद से जोड़ने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास किया।" उन्होंने कहा, "वैश्विक संदर्भ में भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, क्योंकि यह सनातन धर्म की भूमि है और यहां के अधिकतर लोग अपनी परंपराओं, ऋषि-मुनियों की परंपरा, पूर्वजों, देवी-देवताओं और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हैं।"
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। सीएम ने उनके कथित 'झूठ की गूंज' कार्यक्रम को महिलाओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सामाजिक परंपराएं लोगों को महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों का सम्मान करना सिखाती हैं। आदित्यनाथ ने कहा, "मान लीजिए हम किसी संकरे रास्ते से जा रहे हैं और सामने कोई बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग व्यक्ति या हमसे वरिष्ठ व्यक्ति आ जाए तो हमारी परंपरा है कि हम रास्ते से हटकर कहते हैं- पहले आप।"
उन्होंने कहा, "लेकिन ये वो लोग हैं जो सही रास्ते से भटक गए हैं। इनका एकमात्र उद्देश्य समाज में भ्रम फैलाकर अराजकता पैदा करना रह गया है।" मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए अपनी सरकार की पहलों का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि तीन पीएसी बटालियनों के नाम महान महिला स्वतंत्रता सेनानियों झलकारी बाई, रानी अवंतीबाई लोधी और ऊदा देवी के नाम पर रखे गए हैं।
4 जातियों का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाए हैं। उन्होंने बैंकिंग सखी तथा दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं के योगदान को भी रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुसार भारत में चार जातियां गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार दोनों इनके कल्याण के लिए काम कर रही हैं।
VHP ने बोला हमला
इस बीच, विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी रविवार को पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की 'हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता' संबंधी टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। VHP ने आरोप लगाया कि अंसारी के विचार उनकी 'हिंदू-विरोधी, नेहरूवादी और कट्टरपंथी मानसिकता' को दर्शाते हैं। VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि भारत के बहुसंख्यक हिंदू समाज को 'भारत के लिए खतरा' बताने से पहले अंसारी को अपने सार्वजनिक जीवन पर नजी डालनी चाहिए।
अंसारी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "उपराष्ट्रपति रहते हुए PFI से जुड़े कार्यक्रमों में आपकी मौजूदगी और राजदूत के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाने के कई गंभीर आरोप हैं। आज आप हिंदुओं के सामने सांप्रदायिकता की बात कर रहे हैं? याद रखिए, अगर हिंदू वास्तव में सांप्रदायिक होते, तो आपमें ऐसा बयान देने का साहस नहीं होता।"
बंसल ने अंसारी द्वारा अयोध्या फैसले की आलोचना किए जाने को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि भारत में दुनिया की सबसे अधिक मस्जिदें हैं। उन्होंने कहा, "आपको पता होना चाहिए कि दुनिया में सबसे अधिक संख्या में मस्जिदें भारत में हैं। आपने पहले श्री राम जन्मभूमि पर आए ऐतिहासिक फैसले की आलोचना की थी और अब हिंदू समाज के खिलाफ निराधार बयान देकर एक बार फिर अपनी कट्टरपंथी मानसिकता उजागर कर रहे हैं।"
बंसल ने अंसारी पर 'भारत-विरोधी और हिंदू-विरोधी मानसिकता' रखने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "नेहरूवादी, जिन्नावादी और हिंदू-विरोधी मानसिकता से बाहर आइए और उस पद, सम्मान, धन तथा प्रतिष्ठा के लिए देश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कीजिए, जो देश ने आपको दिया। कृतघ्न मत बनिए।"
हामिद अंसारी ने क्या कहा था?
दरअसल, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने शनिवार को नई दिल्ली में संविधान विशेषज्ञ और लेखक एजी नूरानी की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक विचार का उल्लेख किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत के लिए वास्तविक खतरा साम्यवाद नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है। अंसारी ने 'इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर' में आयोजित इस कार्यक्रम में नूरानी की 2019 में प्रकाशित किताब 'द आरएसएस : ए मेनेस टू इंडिया' का भी उल्लेख किया था।
पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि नेहरू ने यह टिप्पणी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की एक बैठक के दौरान की थी, जिसे तत्कालीन विदेश सचिव जगत सिंह गुंडेविया ने दर्ज किया था और संवैधानिक मामलों के विशेषज्ञ ए. जी. नूरानी ने अपनी साल 2019 में प्रकाशित पुस्तक 'द आरएसएस: ए मेनेस टू इंडिया' में इसका उल्लेख किया है। उन्होंने 'सांस्कृतिक राष्ट्रवाद' के उभार पर चिंता जताई थी।