Delhi Weather: शुक्रवार को दिल्ली के कई हिस्सों में अचानक तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिन चढ़ने के साथ राजधानी के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। कहीं हल्की फुहारें पड़ीं तो कुछ इलाकों में तेज बारिश देखने को भी मिली। वहीं, बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। यानी फिलहाल राजधानी में बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं।
राजधानी में रेड अलर्ट जारी
मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए IMD ने जिला स्तर पर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। खासकर बारिश के दौरान खुले इलाकों, जलभराव वाली सड़कों और ट्रैफिक वाले रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शुक्रवार शाम को भी दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।