LPG Cylinder Shortage: बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई के होटलों ने उठाया LPG की कमी का मुद्दा, केंद्र ने दिया जवाब

LPG Cylinder Shortage: बेंगलुरु, चेन्नई और मुंबई के होटल और रेस्टोरेंट से जुड़े संगठनों ने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण सप्लाई में आई बाधाओं को लेकर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा उठाया है। जिस वजह से केंद्र सरकार ने तेल रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया है।

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 11:46 AM
Story continues below Advertisement
बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई के होटलों ने उठाया LPG की कमी का मुद्दा, केंद्र ने दिया जवाब

LPG Cylinder Shortage: बेंगलुरु, चेन्नई और मुंबई के होटल और रेस्टोरेंट से जुड़े संगठनों ने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण सप्लाई में आई बाधाओं को लेकर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा उठाया है। जिस वजह से केंद्र सरकार ने तेल रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया है।

ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध और इसके कारण मिडिल ईस्ट के प्रमुख ऊर्जा परिवहन मार्गों में आई बाधाओं के चलते पिछले शनिवार को एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भी वृद्धि की गई। घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई।

बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने सोमवार को कहा कि शहर भर के होटलों और रेस्टोरेंट का संचालन 10 मार्च से प्रभावित होने की संभावना है। एसोसिएशन ने एक बयान में कहा, "गैस सप्लाई बंद होने के कारण कल से होटल बंद रहेंगे।"


इसमें आगे कहा गया, "होटल उद्योग एक जरूरी सेवा है, इसलिए आम लोग, छात्र और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोग, जो दैनिक भोजन के लिए होटलों पर निर्भर हैं, प्रभावित होंगे।"

इसमें यह भी कहा गया, "गैस सप्लाई सामान्य होने तक हमारे होटल उद्योग को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।"

एसोसिएशन ने कहा कि तेल कंपनियों ने 70 दिनों तक बिना रुकावट गैस सप्लाई का भरोसा दिया था, इसलिए अचानक सप्लाई बंद होना होटल इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा झटका है।

बयान में कहा गया, “इसलिए, हम संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने, कमर्शियल गैस सप्लाई बहाल करने और होटल इंडस्ट्री को सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा करते हैं।”

एसोसिएशन के अध्यक्ष पीसी राव ने बाद में मीडिचा से कहा कि वे “लोगों की सेवा के लिए अंत तक प्रयासरत” रहेंगे।

चेन्नई के होटलों की भी चिंता

चेन्नई में होटल एसोसिएशन ने कहा कि स्थिति “अब और भी गंभीर हो गई है”।

एसोसिएशन के अध्यक्ष एम रवि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा, “फूड इंडस्ट्री कई अस्पतालों के लिए 24x7 आधार पर काम करता है, जिन्हें समय पर भोजन की सप्लाई की आवश्यकता होती है। इसके अलावा, आईटी पार्क, कॉलेज हॉस्टल में रहने वाले छात्र, ट्रेन और बिजनेस यात्री भी प्रभावित होंगे, यदि कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बाधित होती है।”

उन्होंने कहा कि कई बड़े होटलों और रेस्टोरेंट में बैंक्वेट (पार्टी/फंक्शन) की बुकिंग भी पहले से की गई है, जो गैस की कमी के कारण प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल LPG की कम सप्लाई से Tamil Nadu में बड़ी संख्या में लोग, जो खाने के लिए फूड इंडस्ट्री पर निर्भर हैं, उन्हें भी परेशानी होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री से फूड इंडस्ट्री के लिए कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बिना रुकावट जारी रखने का आग्रह किया।

मुंबई के होटल उद्योग पर बंदी का खतरा मंडरा रहा है

मुंबई का होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री भी ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी के कारण लगभग 20% होटलों और रेस्टोरेंट को अपना संचालन बंद करना पड़ा है।

दादर, अंधेरी और माटुंगा जैसे इलाकों के फेमस रेस्टोरेंट ने पहले ही अपने मेनू को छोटा करना शुरू कर दिया है, और दाल मखनी या रवा डोसा जैसे धीमी आंच पर पकाए जाने वाले व्यंजनों को मेनू से हटा दिया है।

उन्होंने बचे हुए गैस भंडार को बचाने के लिए अपने परिचालन घंटे भी कम कर दिए हैं।

होटल और रेस्तरां इंडस्ट्री संगठन, फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FHRAI) ने सोमवार को कमर्शियल कुकिंग गैस सिलेंडरों की कमी का मुद्दा भी उठाया।

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखे पत्र में FHRAI ने "जमीनी स्तर पर व्यापक व्यवधान" की बात कही।

FHRAI ने कहा कि कई डिस्ट्रीब्यूटर 5 मार्च के सरकारी आदेश का हवाला देते हुए सप्लाई रोक रहे हैं।

FHRAI के महासचिव जैसन चाको ने पत्र में कहा, "इन चुनौतियों को देखते हुए, हम सरकार से औपचारिक स्पष्टीकरण जारी करने का अनुरोध करते हैं जिसमें यह पुष्टि की जाए कि हॉस्पिटैलिटी और फूड सर्विस सेक्टर पर ऐसी कोई पाबंदी नहीं है। हम सभी तेल मार्केटिंग कंपनियों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों के सुचारू वितरण को सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने की भी प्रार्थना करते हैं।"

वहीं नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी कहा कि गैस सप्लायर रेस्टोरेंट इंडस्ट्री की जरूरत के मुताबिक सिलेंडर देने में असमर्थता जता रहे हैं, जिससे यह इंडस्ट्री "बुरी तरह प्रभावित" हो रहा है। एसोसिएशन ने सरकार से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

NRAI ने X पर एक पोस्ट में कहा, खबरों के अनुसार, सरकार ने स्पष्ट किया है कि रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के लिए कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर कोई प्रतिबंध नहीं है। हालांकि, जमीनी स्थिति अलग है, गैस सप्लायर सिलेंडर देने में असमर्थता जता रहे हैं। इससे रेस्टोरेंट इंडस्ट्री बुरी तरह प्रभावित हो रही है और परिणामस्वरूप नागरिकों के लिए आवश्यक सेवा के रूप में भोजन की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इसलिए एसोसिएशन ने सरकार से तुरंत स्पष्टीकरण और हस्तक्षेप की मांग की है।"

LPG सप्लाई पर सरकार का बयान

पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्रालय ने कहा कि उसने तेल रिफाइनरियों को अधिक एलपीजी उत्पादन करने और ज्यादा उत्पादन को घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल करने के आदेश जारी किए हैं।

साथ ही, जमाखोरी और कालाबाजारी से बचने के लिए 25 दिन की अंतर-बुकिंग अवधि भी लागू की गई है।

मंत्रालय ने X पर बताया, “आयात की गई LPG से मिलने वाली नॉन-डोमेस्टिक गैस की सप्लाई फिलहाल जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर दी जा रही है, जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान।”

मंत्रालय ने आगे कहा, “अन्य गैर-घरेलू क्षेत्रों को एलपीजी की सप्लाई के लिए, रेस्टोरेंट, होटल और अन्य उद्योगों को एलपीजी सप्लाई से जुड़े मामलों की समीक्षा करने के लिए तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) के तीन कार्यकारी अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है।”

"चिंता की कोई गुंजाइश नहीं"

हरदीप सिंह पुरी ने पिछले सप्ताह कहा था कि भारत "संतोषजनक स्थिति" में है और "चिंता की कोई गुंजाइश नहीं" है। उन्होंने कहा, "होर्मुज मार्ग के अलावा सभी मार्गों से देश में ऊर्जा आयात पूरी तरह से जारी है। हमारे नागरिकों की ऊर्जा आवश्यकताएं पूरी तरह से पूरी हो रही हैं।"

बता दें कि सोमवार को तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं, जो तीन साल से अधिक का उच्चतम स्तर था। मंगलवार को कीमतों में गिरावट आई। ब्रेंट फ्यूचर 6.51 डॉलर या 6.6% गिरकर 0018 जीएमटी पर 92.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 6.12 डॉलर या 6.5% गिरकर 88.65 डॉलर पर आ गया।

यह भी पढ़ें: LPG New Rule: LPG सिलेंडर बुकिंग का बदला नियम, जानें अब कितने दिनों बाद मिलेगा दूसरा रिफिल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।