पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में हलचल मची हुई है। इसी बीच 'जनता उन्नयन पार्टी' के सूत्रधार हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधा हैं। हुमायूं कबीर ने दावा किया कि राज्य सरकार के मंत्री तजमुल हुसैन के इलाके में वही पुराना 'कट मनी सिस्टम' चल रहा है। उन्होंने कहा, "यहां उनके रिश्तेदार कुछ छोटे-मोटे कपास का काम करते हैं। उस कपास के काम का हिस्सा भंडुओं को भेजना पड़ता है क्योंकि नेता जी और अभिषेक बनर्जी ने 75 और 25 का रेशियों खुला घोषित कर दिया है।"
हुमायूं कबीर ने बिना नाम लिए तृणमूल नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि यह व्यवस्था मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के इशारे पर चल रही है। उन्होंने कहा, "तजमुल साहब भी उससे आगे नहीं जा सकते। अगर आप एक टका बढ़ाते हैं, तो आपको वहां 25 पैसे भेजने पड़ते हैं।"
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के अंदर चल रहे गुटबाजी का इस्तेमाल, अपने वोट के लिए इस्तेमाल करने वाले सवाल पर उन्होंने साफ कहा, "यह मेरा काम नहीं है, यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है।" इसके साथ हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद निर्माण को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मस्जिद का काम 11 फरवरी शुरू हो चुका है और केरल की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को जिम्मेदारी दी गई है, जिसने भरोसा दिलाया है कि मस्जिद दो साल के भीतर ही पूरी हो जाएगी।
इसके साथ ही चुनावी रणनीति पर बात करते हुए हुमायूं कबीर ने बड़ा दावा किया कि उनकी पार्टी मालदा, हरिश्चंद्रपुर, मानिकचक, मोथाबाड़ी समेत कई इलाकों में उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा, "मैं अभी कोई नाम नहीं बताऊंगा। जब हमारी कैंडिडेट लिस्ट पब्लिश होगी, तो पता चल जाएगा।"
चुनाव में हिंदू कैंडिडेट उतारे जाएंगे या सिर्फ उनकी पार्टी में मुस्लिम कैंडिडेट ही होंगे? इस सवाल पर कबीर ने कहा, "हबीबपुर में दो मुस्लिम कैंडिडेट होंगे, एक शेड्यूल्ड कास्ट का कैंडिडेट होगा। इसी तरह, मैं दूसरी असेंबली सीटों पर भी हिंदू कैंडिडेट खड़ा कर सकता हूं।"
हुमायूं कबीर ने यह भी बताया कि अलग-अलग मुस्लिम और क्षेत्रीय दलों से बातचीत चल रही है। AIMIM और अन्य छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन को लेकर चर्चा जारी है। उन्होंने कहा कि 25 फरवरी तक उनके गठबंधन की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी और उसी समय उम्मीदवारों की सूची भी जारी की जाएगी।
उन्होंने तृणमूल के वोट काटने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि सच्चाई काउंटिंग के दिन सामने आ जाएगी। उनका दावा है कि उनकी पार्टी आने वाले चुनाव में 294 में से करीब 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बड़ी संख्या में विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचेगी।