जबरन कमरे में ले गया, छेड़छाड़ और मोबाइल का पासवर्ड.... महिला ट्रेनी IPS अधिकारी ने साथी पर यौन उत्पीड़न का लगाया आरोप, FIR दर्ज

Hyderabad IPS News: हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में एक महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी की शिकायत पर उसके साथी ट्रेनी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पीछा करने (स्टॉकिंग), मारपीट और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है

अपडेटेड Jul 20, 2026 पर 1:17 PM
Hyderabad IPS News: हैदराबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

Hyderabad IPS News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद की सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में एक साथी महिला ट्रेनी का पीछा और यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक ट्रेनी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 30 वर्षीय महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में साथी ट्रेनी आईपीएस अधिकारी पर आरोप लगाया है कि वह 23 जून से एक 'इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप' के जरिए उसे आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा था।

साथ ही अकादमी के अंदर उसके दोस्तों के सामने आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कर रहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उस पर एक अन्य ट्रेनी के साथ शारीरिक संबंध होने का झूठा आरोप लगाया। इस कथित संबंध को स्वीकार करने का दबाव बनाया। साथ ही उसके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 8 जुलाई को वह महिला का मोबाइल फोन अपने कमरे में ले गया और उसे पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया। शिकायतकर्ता ने यह आरोप भी लगाया कि उसने उसके साथ छेड़छाड़ की।


'जबरदस्ती अपने कमरे में ले गया...'

महिला ने बताया कि 9 जुलाई को उसने उसे गलत तरीके से रोका। जबरदस्ती अपने कमरे में ले गया। उसके बाल पकड़े। साथ ही उसकी गला घोंटने की कोशिश की और गर्दन पर चाकू रखकर अपने कमरे से बाहर नहीं जाने दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 जुलाई को उसने फिर से उसकी पिटाई की।

उसने आरोपी पर जानकारी या सहमति के बिना उसका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड करने और ब्लैकमेल करने के इरादे से उसके पति को भेजने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर, शनिवार को अट्टापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें- Monsoon Session 2026: '56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा...'; पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज, पढ़ें- बड़ी बातें

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सभी आरोपों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।