IRS Officer Daughter Murder: "मैंने कांड कर दिया..." IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के बाद चचेरे भाई से बोला आरोपी राहुल

IRS Officer Daughter Murder: दिल्ली में IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी के रेप और हत्या मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि आरोपी राहुल मीणा अमर कॉलोनी स्थित घर से निकलते समय किसी से फोन पर बात कर रहा था।

अपडेटेड Apr 25, 2026 पर 12:58 PM
Story continues below Advertisement
"मैंने कांड कर दिया..." IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के बाद चचेरे भाई से बोला आरोपी राहुल

IRS Officer Daughter Murder: दिल्ली में IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी के रेप और हत्या मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि आरोपी राहुल मीणा अमर कॉलोनी स्थित घर से निकलते समय किसी से फोन पर बात कर रहा था। जो कि CCTV फुटेज में साफ-साफ दिख रहा है। जब जांचकर्ताओं ने उसकी मां मुकेश देवी से इसे बारे में पुछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में अपने चचेरे भाई त्रिलोक से बात कर रहा था।

कॉल के दौरान, राहुल ने कथित तौर पर चचेरे भाई से कहा, "मैंने दिल्ली में कांड कर दिया है, मैं अब मरने वाला हूं, पुलिस मुझे पकड़ लेगी..."

हालांकि, उसने अलवर रेप मामले से इनकार किया और कहा कि वह सिर्फ अपना मोबाइल फोन लेने गया था, उसने पीड़िता को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।


पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन गायब हैं।

12 घंटे के अंदर दो क्राइम

जांचकर्ताओं ने यह भी बताया है कि आरोपी ने कुछ ही घंटों के अंदर अलग-अलग राज्यों में दो महिला पीड़ितों को निशाना बनाया।

मंगलवार रात करीब 10:30 बजे, राहुल कथित तौर पर राजस्थान के अलवर में एक पड़ोसी के घर में घुस गया, उस पर हमला किया और उसके साथ बलात्कार किया। उस पर पीड़िता का गला घोंटने और उसे धमकाने का भी आरोप है, जिसके बाद वह भाग गया और उसे किसी को भी सूचना न देने की चेतावनी दी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई।

कुछ ही घंटों के भीतर, राहुल लगभग 200 किलोमीटर की यात्रा करके दिल्ली पहुंचा और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी में सुबह करीब 6:30 बजे पहुंचा। वह सुबह लगभग 6:39 बजे IRS अधिकारी के घर में घुस गया।

पीड़िता, जो UPSC की तैयारी कर रही एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी, घर पर अकेली थी। जब उसके माता-पिता सुबह लगभग 8 बजे जिम से लौटे, तो उन्होंने उसे खून से लथपथ पाया और उसका सामान पूरे घर में बिखरा पड़ा था।

दिल्ली के फ्लैट में बर्बरता

पुलिस के अनुसार, राहुल ने घर के लेआउट और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी का फायदा उठाकर अंदर प्रवेश किया।

आरोप है कि वह पीड़िता के स्टडी रूम में जबरदस्ती घुस गया, उसे लैंप और किसी अन्य भारी वस्तु से मारा और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को संदेह है कि उसने बेहोशी की हालत में पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया। उसने पीड़िता के शव को छत पर बने स्टडी एरिया से नीचे घसीटा, उसकी उंगली से लॉकर खोलने की कोशिश की और बाद में औजारों का इस्तेमाल करके उसे तोड़ दिया।

इसके बाद उसने नकदी और गहने चुराए, खून से सने कपड़े बदले, पीड़िता के भाई के कपड़े पहने और घटनास्थल से फरार हो गया।

दिल्ली के एम्स में हुए पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में कई खरोंचें, नील के निशान और नाक की हड्डी टूटने का भी जिक्र है, जो हिंसक संघर्ष का संकेत देते हैं। फोरेंसिक सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं और यौन उत्पीड़न की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

बरामदगी, गिरफ्तारी और CCTV फुटेज

दिल्ली पुलिस ने घर से कथित तौर पर चोरी हुए 1 लाख रुपये से अधिक नकद और गहने बरामद किए हैं। ये बरामदगी द्वारका के एक होटल से हुई, जहां आरोपी ने अपराध के बाद ठहर कर अपना कमरा बुक कराया था। पुलिस ने बताया कि होटल का भुगतान चोरी के पैसों से किया गया था।

CCTV फुटेज में राहुल को सुबह करीब 6:28 बजे पीले रंग की कमीज और काले रंग की पतलून पहने सोसाइटी में प्रवेश करते और सुबह करीब 7:22 बजे अलग कपड़ों में बैग लेकर निकलते हुए देखा गया। जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि उसने अपराध के बाद कपड़े बदले और कुछ देर के लिए पास के एक पार्क में रुका था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और उस ऑटो-रिक्शा की पहचान की जिसमें वह सवार हुआ था। ड्राइवर का पता लगाया गया और उसने पुलिस को होटल तक पहुंचाया, जहां राहुल को कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

वह फिलहाल पुलिस हिरासत में है और अलवर और दिल्ली दोनों जगहों पर अपराध स्थल का मुआयना करने के लिए उसे ले जाया जाएगा।

पैसे, सट्टेबाजी और हत्या की वजह की जांच

जांचकर्ताओं ने बताया कि राहुल तीन पत्ती और अन्य गेमिंग ऐप्स सहित ऑनलाइन सट्टेबाजी में काफी सक्रिय था और उसने कई लोगों से पैसे उधार लिए थे। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने उसे पैसे उधार दिए थे।

परिवार के सदस्यों का दावा है कि दिल्ली की उसकी यात्रा पैसों और मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद से जुड़ी थी। उनका आरोप है कि वह एक गेम में पैसे हारने के बाद अपना मोबाइल फोन वापस लेने गया था। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले में पैसों के लेन-देन और उसके व्यवहार से जुड़ी अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है।

क्रूरता और व्यवहार संबंधी जांच जारी

बता दें कि राहुल पहले लगभग एक साल तक पीड़िता के घर में घरेलू नौकर के रूप में काम करता था और उसे एक अन्य अधिकारी की सिफारिश पर नौकरी मिली थी। बाद में उसकी सट्टेबाजी की आदतों और पैसों से जुड़ी गड़बड़ियों का पता चलने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया।

पुलिस ने बताया कि उसने परिवार से छोटे-मोटे कामों के लिए पैसे लिए थे, लेकिन दुकानदारों को भुगतान नहीं किया और इसके बजाय उधार पर सामान खरीदा।

जांचकर्ताओं ने उसे हिंसक स्वभाव का बताया है, सूत्रों के अनुसार वह अपने गांव में आक्रामक व्यवहार के लिए जाना जाता था। बताया जाता है कि उसके पिता शराबी हैं, और पुलिस उसके व्यवहार के पैटर्न का पता लगाने के लिए उसके इतिहास की जांच कर रही है।

अपराध की गंभीरता के बावजूद, पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान राहुल में ज्यादा पछतावा नहीं दिखा और उसने अपने किए को सही ठहराने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें: गला रेते जाने के बाद चर्चा में आया सलीम वास्तिक अरेस्ट! 13 साल के बच्चे की हत्या के 31 साल पुराने केस में पकड़ा गया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।