IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में बारिश और कोहरे का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में देश कई राज्यों में घना कोहरा होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं अगले सात दिनों तक पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने वाला हैं। इन इलाकों में मौसम की स्थिति सामान्य बनी रहने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय और नागालैंड के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई जगहों पर बादल गरजने और बिजली चमकने का भी अनुमान है। आइए जानते हैं कैसा होगा मौसम
कैसा होगा इन राज्यों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है, जिससे सुबह के समय लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश होने का अनुमान है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके अलावा, रायलसीमा के कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
IMD के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर साफ दिखाई नहीं देगा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सफर के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, दिल्ली-NCR में आज आसमान में हल्के बादल दिखाई देंगे। सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में हल्की धुंध रहेगी, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छा सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवाओं की रफ्तार सुबह करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी, जो दोपहर में बढ़कर 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में कैसा होगा मौसम
IMD के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 23 और 24 नवंबर को पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा भी शामिल हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
दक्षिण भारत में होगी तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में 23 से 27 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में इन पांच दिनों के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 23 से 25 नवंबर तक बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है, जबकि 24 और 25 नवंबर को तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। इसके अलावा, कर्नाटक के कुछ इलाकों में 23 से 27 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिर सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जो बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।