IMD Heavy Rain Alert 25th May: इन 15 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट, यहां 50-60kmph की स्पीड से आएगा बवंडर

IMD Heavy Rain Alert 25th May: मौसम विभाग (IMD) ने एक तरफ जहां देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में सूरज का सितम जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 28 मई तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है

अपडेटेड May 25, 2026 पर 9:49 AM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert 25th May: करीब 15 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

IMD Heavy Rain Alert 25th May: देशभर के मौसम में इस समय जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी ताजा मॉर्निंग बुलेटिन में आज यानी 25 मई के लिए एक बहुत बड़ा अलर्ट जारी किया है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण लू से तप रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ मौसम विभाग ने देश के 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।

IMD के मुताबिक, आज कई राज्यों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाला खतरनाक बवंडर यानी अंधड़ (Thundersquall) सीधे जमीन से टकराएगा। इसी बीच साउथवेस्ट मानसून की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है और अगले 2 से 3 दिनों में इसके और आगे जाने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि इस समय जम्मू और उसके आस-पास एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। इसके साथ ही दक्षिण बिहार से लेकर झारखंड और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ़ लाइन बनी हुई है। इस मजबूत सिस्टम के कारण आज 25 मई को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल कुछ इस तरह रहने वाला है-


असम और मेघालय में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट

आज पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश का सबसे बड़ा डेंजर अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में आज कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी आज भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में भी रहेगा हैवी रेन का अलर्ट

इसके अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी आज भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के इलाकों में, दक्षिण भारत के केरल, इंटीरियर कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल और लक्षद्वीप में आज हैवी रेन देखने को मिलेगी।

50-60kmph की स्पीड से टकराएगा बवंडर

मौसम विभाग के मुताबिक आज तीन राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रूप दिखाएगा, जहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भयानक अंधड़ आने की आशंका है। झारखंड, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में थंडरस्क्वॉल से नुकसान देखने को मिल सकता हैष

यहां आएगा तेज आंधी-तूफान

आज देश के कई हिस्सों में बिजली कड़कने के साथ-साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी और हवाएं चलने का अलर्ट है। इन इलाकों में पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल व सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड, मध्य महाराष्ट्र, मारथवाड़ा, साउथ इंटीरियर कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु शामिल हैं। इसके अलावा आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, कोस्टल कर्नाटक और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में कुछ जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली, यूपी और पंजाब में सीवियर हीटवेव का टॉर्चर

एक तरफ जहां कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में सूरज का सितम जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 28 मई तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान (मुख्य रूप से पश्चिमी राजस्थान), मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ रीजन में आज भीषण से अति भीषण लू चलने का डेंजरस अलर्ट है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, कोस्टल आंध्र प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज तीव्र लू का प्रकोप लगातार बना रहेगा। गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में अत्यधिक उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में आज रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहने वाला है।

ये भी पढे़ं- Iran-US War Update: शांति समझौते के बदले ईरान को भारी कैश देगा अमेरिका? डोनाल्ड ट्रंप का आया बड़ा बयान

समुद्र में हाई स्पीड विंड: मछुआरों के लिए चेतावनी

केरल-कर्नाटक कोस्ट, लक्षद्वीप, कोमोरिन और मालदीव के आस-पास आज 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। सोमालिया कोस्ट के पास हवा की रफ्तार 55-65 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। मन्नार की खाड़ी और दक्षिणी व दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में आज 45 से 65 किमी प्रति घंटे की हाई स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Petrol-Diesel Prices Today: पेट्रोल और डीजल के फिर बढ़े दाम, 10 दिन में चौथी बार बढ़ोतरी, जानें- आपके शहर में क्या है कीमत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।