IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में आंधी संग भयानक बारिश का अलर्ट! बिहार-झारखंड में 70kmph स्पीड वाला थंडरस्क्वॉल, 19 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: एक तरफ जहां बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाले थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) और भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्से भीषण लू की चपेट में हैं। जानिए आपके राज्य में इस सप्ताह कैसा मौसम रहेगा

अपडेटेड May 13, 2026 पर 3:50 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) और भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग अलग हिस्सों के लिए 19 मई तक का डिटेल्स वेदर बुलेटिन जारी कर दिया है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ देश के मौसम को दो चरम स्थितियों में बांट रहे हैं। एक तरफ जहां बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाले थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) और भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्से भीषण लू की चपेट में हैं।

यहां जानिए अगले एक हफ्ते के लिए मौसम का पूरा अपडेट

मौसम विभाग (IMD) के 13 मई के आफ्टरनून बुलेटिन के मुताबिक 16 मई के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। हालांकि, मानसून से पहले की गतिविधियों ने कई राज्यों के मौसम में भारी बदलाव के संकेत दिए हैं।


बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत: 70kmph का थंडरस्क्वॉल

पूर्वी भारत के राज्यों के लिए अगले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं:-

झारखंड: 14 मई को यहां 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। इसके बाद 15-18 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

बिहार: बिहार में 16 मई को प्रचंड तूफान का अलर्ट है, जिसकी रफ्तार 70 किमी/घंटा तक जा सकती है। 13-15 और 17 मई को भी यहां बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में आज अति भारी बारिश का अलर्ट है। 14-16 मई के बीच भी यहां भारी बारिश जारी रहेगी।

पूर्वोत्तर भारत: मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा

पूर्वोत्तर के राज्यों में 19 मई तक राहत के आसार नहीं हैं:

असम और मेघालय: आज और कल यहां अति भारी बारिश होगी। 15 से 19 मई के बीच लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

अरुणाचल प्रदेश: यहां 14 और 18 मई को अति भारी बारिश का अनुमान है।

मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: इन राज्यों में 15 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत: भीषण लू का टॉर्चर

जहां पूर्व में बारिश है, वहीं पश्चिम और उत्तर भारत भीषण गर्मी से झुलस रहा है:-

राजस्थान और मध्य प्रदेश: पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 से 15 मई के बीच सीवियर हीट वेव की स्थिति रहेगी। राजस्थान में 19 मई तक लू का प्रकोप जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश: यूपी में 16 से 19 मई के बीच लू चलने की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा: यहां 17 से 19 मई के दौरान हीटवेव की स्थिति बनेगी। इस बीच आज और कल (13-14 मई) हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है।

दक्षिण भारत: केरल और कर्नाटक में भारी बारिश

केरल और माहे: यहां 13 से 16 मई तक भारी बारिश की संभावना है।

कर्नाटक: दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 मई को ओलावृष्टि (Hailstorm) और भारी बारिश का अलर्ट है। तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 14-15 मई को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आ सकता है।

तापमान में 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी

IMD ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 5-6 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मध्य और पूर्वी भारत में भी पारा 2 से 4 डिग्री तक चढ़ सकता है, जिससे उमस भरी गर्मी और बढ़ेगी।

ये भी पढे़ं- आज का मौसम 13 मई: इन राज्यों में IMD ने दिया हैवी बारिश और थंडरस्टॉर्म का अलर्ट, 60kmph रफ्तार वाली आंधी दहलाएगी इन इलाकों को

मछुआरों के लिए चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण 18 मई तक अंडमान सागर और उससे सटे इलाकों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे इन क्षेत्रों में न जाएं। 15 मई को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में एक बार फिर धूल भरी आंधी का दौर शुरू हो सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।