IMD Heavy Rain Alert: इन 26 राज्यों में आंधी-बारिश का खतरा! दिल्ली और यूपी-बिहार के लिए ये अलर्ट, 23 जून तक ऐसा रहेगा मौसम
IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 23 जून तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। एक तरफ जहां मानसून की सक्रियता और नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत देश के 26 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है
IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली और यूपी-बिहार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है
IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर एक बहुत बड़ा ऑल इंडिया बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 23 जून तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। एक तरफ जहां मानसून की सक्रियता और नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत देश के 26 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं दूसरी तरफ कुछ मैदानी इलाकों में लू का प्रकोप भी साथ साथ चलता रहेगा।
दिल्ली और पंजाब-हरियाणा: 18 जून से बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 17 से 22 जून के बीच गरज-चमक के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 से 22 जून के दौरान इन सभी राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी और बिजली कड़कने के साथ आंधी-पानी का दौर आएगा।
उत्तर प्रदेश में दिखेगा दोहरे मौसम का वार, आंधी-बारिश के बीच लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लोगों को अगले कुछ दिन बेहद सावधानी से गुजारने होंगे क्योंकि यहां मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जून और फिर 23 जून को बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जून और 22-23 जून को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
पश्चिमी यूपी में 50 किमी/घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने का भी अलर्ट है। इस आंधी-पानी के बीच लू का सितम भी जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 22 जून तक लगातार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून के बीच लू भी चलने की चेतावनी दी गई है। 22 जून को पूरे यूपी में लू का पॉकेट अलर्ट रहेगा।
बिहार-झारखंड: मूसलाधार बारिश और 70 Kmph का थंडरस्क्वाल
बिहार और झारखंड में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इससे यहां प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियां चरम पर होंगी। बिहार में 17 से 20 जून तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा 18 और 19 जून को बिहार में 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार वाला विनाशकारी बवंडर आने की आशंका है। 17-18 जून को कुछ सीमित पॉकेट्स में लू की स्थिति भी दिखेगी। झारखंड में 19 से 21 जून के बीच 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से थंडरस्क्वाल आएगा। 17-18 जून और फिर 22-23 जून को यहां बिजली कड़कने और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान में 80 किमी/घंटे का महातूफान और ओले
राजस्थान में अगले 24 से 48 घंटे बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। 18 जून को पश्चिमी राजस्थान और 18-19 जून को पूर्वी राजस्थान में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफानी हवाएं चलेंगी, जिनकी अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 19 जून को भी पश्चिमी राजस्थान में 50-60 किमी/घंटे की आंधी का अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में 17 से 19 जून तक भीषण धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
देश के अन्य राज्यों के लिए 23 जून तक का विस्तृत पूर्वानुमान
IMD के बुलेटिन के मुताबिक देश के अन्य हिस्सों में 23 जून तक मौसम कुछ ऐसा रहेगाछ:-
पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 17 से 22 जून के बीच व्यापक स्तर पर बारिश होगी। 18-19 जून को यहां भारी गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 23 जून तक लगातार बारिश और 50 किमी/घंटे की आंधी चलेगी। हिमाचल में 17 से 19 जून और उत्तराखंड में 19 जून को ओलावृष्टि का अलर्ट है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: असम और मेघालय में 17 से 23 जून तक लगातार बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: इन सभी राज्यों में 17 से 23 जून तक लगातार भारी बारिश और बिजली कड़कने की चेतावनी है।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 22 जून तक अत्यधिक भारी बारिश होगी। जबकि 23 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। गंगीय पश्चिम बंगाल में 20 से 23 जून के बीच व्यापक बारिश होगी। ओडिशा में 19 और 20 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। 17-18 जून को 50-60 किमी/घंटे का थंडरस्क्वाल आएगा और इसी दौरान लू की स्थिति भी रहेगी।
मध्य और पश्चिम भारत: पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 17 से 19 जून तक 50 किमी/घंटे की आंधी के साथ बारिश होगी। दोनों हिस्सों में 17 से 21 जून तक लू का प्रकोप भी बना रहेगा। यहां 17 से 23 जून तक लगातार आंधी-बारिश का दौर चलेगा लेकिन 17 जून को छत्तीसगढ़ और 17-20 जून तक विदर्भ में लू की स्थिति भी दर्ज की जाएगी। कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मारथवाड़ा में 17 से 23 जून तक बारिश होगी। गुजरात क्षेत्र में 17-18 जून और सौराष्ट्र व कच्छ में 17 जून को छिटपुट बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत: केरल और माहे में 17 जून को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। इसके बाद 18 जून और फिर 21 से 23 जून के बीच भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में 17 से 21 जून तक लगातार भारी बारिश और 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक और तेलंगाना में 17 से 23 जून तक आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। तेलंगाना में 17 से 19 जून के बीच लू चलने की भी आशंका है।