हाल ही भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान LCA तेजस के क्रैश होने को लेकर खबर आई। ऐसे कहा गया कि, इस महीने के शुरुआत में भारतीय वायुसेना का एक तेजस लड़ाकू विमान एयरबेस पर क्रैश हो गया है। हालांकि, अब तेजस के बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड यानी HAL ने इस हादसे की खबरों को लेकर बयान जारी कर दिया है। HAL ने साफ कर दिया है कि LCA तेजस विमान क्रैश नहीं हुआ है। HAL ने इस घटना को लेकर जानकारी दी है कि, वह ग्राउंड पर एक मामूली तकनीकी समस्या थी, न कि क्रैश।
HAL ने दी मामले पर जानकारी
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने अपने बयान में कहा कि, LCA तेजस घटना पर हाल की मीडिया रिपोर्ट्स की खबरें लगत हैं। LCA तेजस के क्रैश की कोई खबर नहीं है। मीडिया में जिस घटना की बात हो रही है, वह जमीन पर एक छोटी सी टेक्निकल घटना थी। LCA तेजस आज के लड़ाकू विमानों में दुनिया के सबसे अच्छे सेफ्टी रिकॉर्ड में से एक है। एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तौर पर, इस मामले का गहराई से एनालिसिस किया जा रहा है और HAL जल्द से जल्द समाधान के लिए इंडियन एयर फोर्स (IAF) के साथ मिलकर काम कर रहा है।
बीते दिनों ऐसी खबर आई थी कि, इस महीने की शुरुआत में एक फ्रंटलाइन एयरबेस पर संदिग्ध ब्रेक फेलियर के बाद तेजस विमान रनवे से आगे निकल गया। इसमें विमान का पायलट सुरक्षित निकल गया। पता चला है कि विमान एक ट्रेनिंग सॉर्टी के बाद बेस पर लौट रहा था। इस घटना के बाद, IAF ने लगभग 30 सिंगल-सीट तेजस जेट के पूरे बेड़े को पूरी टेक्निकल जांच के लिए रोक दिया। हांलाकि अब हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने ऐसी किसी भी क्रैश की खबर से इनकार किया है।
बता दें कि पिछले साल नवंबर में दुबई एयरशो के दौरान एक तेजय क्रैश हुआ था। एरोबैटिक प्रदर्शन के समय तेजस विमान संयुक्त अरब अमीरात में क्रैश हो गया। इस हादसे में पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत हो गई थी। विमान जमीन पर गिरने से पहले उसमें आग लग गई थी। इस दुर्घटना की जांच अभी भी जारी है।