कल का मौसम 11 जून: इन 20 राज्यों में IMD ने दिया भारी बारिश का अलर्ट, हरियाणा-दिल्ली से यूपी तक इन इलाकों आएगा 80kmph वाला बवंडर
Weather Forecast 11 June: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लू का प्रकोप लगभग खत्म हो जाएगा। सिर्फ पश्चिमी राजस्थान के कुछ छिटपुट इलाकों में ही लू की स्थिति बनी रह सकती है
MoneyControl News
अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 6:47 PM
कल का मौसम 11 जून: इन 20 राज्यों में IMD ने दिया भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 जून के लिए देशभर के मौसम का वेदर बुलेटिन जारी कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक 11 जून को देश के 20 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाला आंधी-तूफान (Thundersquall) और ओलावृष्टि देखने को मिल सकते हैं। वेदर बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से पैर पसार रहा है। अगले 3-4 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
बवंडर और ओलावृष्टि का हाई अलर्ट: यहां मच सकती है तबाही
उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी ट्रफ के टकराने से 11 जून को भयंकर आंधी-तूफान की स्थिति बन रही है-
80 किमी/घंटे का बवंडर (प्रचंड थंडरस्कॉल): दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 11 जून को 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलेगा, जिसके झोंके 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
ओले गिरने की चेतावनी: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में आंधी के साथ भारी ओले गिरने की प्रबल आशंका है।
धूलभरी आंधी: राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिनभर धूलभरी आंधी चलने का भी अनुमान है।
इन 5 राज्यों में बेहद भारी बारिश का अलर्ट
IMD के बुलेटिन के मुताबिक 11 जून को देश के 5 प्रमुख क्षेत्रों में मूसलाधार से बेहद भारी बारिश होने की संभावना है।
केरल और माहे (यहां कुछ जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं)
ओडिशा
असम और मेघालय
अरुणाचल प्रदेश
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम
बिहार-झारखंड समेत इन 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
इसके अलावा देश के 12 अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में अलग से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है-
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: बिहार, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा।
दक्षिण और मध्य भारत: तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाड़ु, पुडुचेरी व कराईकल और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह।
पश्चिमी भारत: कोंकण और गोवा तथा लक्षद्वीप।
बिहार-बंगाल और झारखंड में भी 60kmph की रफ्तार वाली आंधी
11 जून को सिर्फ उत्तर भारत ही नहीं, बल्कि पूर्वी और मध्य भारत में भी मौसम का मिजाज काफी आक्रामक रहेगा-
बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और अंडमान निकोबार: इन राज्यों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज आंधी आएगी और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
40-50 किमी/घंटे की हवाएं: मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कोंकण व गोवा, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
भीषण लू से बड़ी राहत
गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए 11 जून से राहत की शुरुआत हो जाएगी. मौसम विश्लेषण के अनुसार-
उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लू का प्रकोप लगभग खत्म हो जाएगा। सिर्फ पश्चिमी राजस्थान के कुछ छिटपुट इलाकों में ही लू की स्थिति बनी रह सकती है।
पूर्वी और मध्य भारत: पूर्वी भारत में 12 जून से तापमान 2-4 डिग्री गिरेगा, जबकि मध्य भारत में भी पारा लुढ़कने से गर्मी से राहत मिलेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण व गोवा और ओडिशा में मौसम बेहद गर्म और चिपचिपी उमस वाला बना रहेगा।