भारत के ब्रह्मोस का दुनिया में डंका! इसे खरीदने के लिए इंडोनेशिया के बाद ये देश कतार में, देखिए पूरी लिस्ट

बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत को मंगलवार को एक और बड़ी रणनीतिक कामयाबी मिली है। फिलीपींस और वियतनाम के बाद अब इंडोनेशिया भी भारत की शक्तिशाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का नया नया विदेशी खरीदार बन गया है।

अपडेटेड Jul 07, 2026 पर 2:25 PM
भारत के ब्रह्मोस का दुनिया में डंका! इसे खरीदने के कई देश कतार में

बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत को मंगलवार को एक और बड़ी रणनीतिक कामयाबी मिली है। फिलीपींस और वियतनाम के बाद अब इंडोनेशिया भी भारत की शक्तिशाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का नया नया विदेशी खरीदार बन गया है। इस ऐतिहासिक समझौते की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जकार्ता यात्रा के दौरान की गई। इंडोनेशिया अब फिलीपींस और वियतनाम के बाद इस मिसाइल प्रणाली का तीसरा कंफर्म ग्राहक बन गया है। यह रक्षा निर्यातक के रूप में भारत की बढ़ती वैश्विक क्षमताओं की भी कहानी बयान कर रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर में दिखा चुका है अपनी अचूक ताकत

ब्रह्मोस मिसाइल ने अपनी बेहतरीन क्षमता की वजह से दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऑपरेशन सिंदूर इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना पाकिस्तानी एयरबेस पर हमला करने के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का इस्तेमाल किया गया था। इस कार्रवाई ने दुनिया के सामने इस हथियार प्रणाली की सटीक मारक क्षमता और लंबी दूरी तक हमला करने की ताकत का लोहा मनवाया था।


वियतनाम के साथ डील आखिरी चरण में, रूस भी बढ़ाना चाहता है प्रोडक्शन

पिछले महीने ब्रह्मोस एयरोस्पेस के प्रमुख जयतीर्थ जोशी ने पुष्टि की थी कि वियतनाम के साथ मिसाइल सौदा अपने अंतिम चरण में है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जोशी ने कहा था कि 'वियतनाम के साथ निर्यात वार्ता लगभग अंतिम चरण में है और अंतिम रूप देने से पहले सिर्फ मामूली मंजूरी मिलना बाकी है। हम पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों के कई अन्य देशों के साथ भी बातचीत कर रहे हैं। जैसे ही सरकार की मंजूरी मिलेगी हम इसे ओपन फोरम पर साझा करेंगे।'

जोशी ने जून में दिए एक इंटरव्यू में यह भी खुलासा किया था कि मिसाइल कार्यक्रम के लिए उत्पादन आवश्यकताओं को बढ़ाने के संबंध में रूस के साथ भी चर्चा चल रही है। उन्होंने बताया था कि रूस भी मौजूदा परिस्थतियों में इससे जुड़ी अपनी आवश्यकताएं बढ़ाना चाहता है और हम उनके साथ बातचीत कर रहे हैं।

क्या है ब्रह्मोस मिसाइल और क्यों है यह इतनी खतरनाक?

भारत-रूस का संयुक्त उद्यम: ब्रह्मोस मिसाइल भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और रूस के एनपीओ माशिनोस्ट्रोयेनिया (NPO Mashinostroyenia) के बीच एक संयुक्त उद्यम है। इसका नाम भारत की ब्रह्मपुत्र नदी और रूस की मोस्कवा नदी के नामों को मिलाकर रखा गया है।

दागो और भूल जाओ: यह मिसाइल पूरी तरह से 'फायर-एंड-फॉरगेट' सिद्धांत पर काम करती है। इस दो चरणों वाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल को जमीन, समुद्र, उप-समुद्र और हवा तीनों प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जा सकता है।

मैक 2.8 की घातक रफ्तार: इसके पहले चरण में सुपरसोनिक गति प्राप्त करने के लिए ठोस-ईंधन बूस्टर का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद तरल-ईंधन रैमजेट इंजन इसे क्रूज चरण के दौरान मैक 2.8 (Mach 2.8) तक की तीव्र गति प्रदान करता है।

इंटरसेप्ट करना नामुमकिन: ब्रह्मोस जमीन और समुद्री दोनों तरह के लक्ष्यों को निशाना बना सकती है। यह एक कन्वेंशनल वॉरहेड ले जाती है और अपनी हाई स्पीड, सटीकता और कम ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले प्रोफाइल के लिए जानी जाती है। इसकी वजह से दुश्मन के लिए इसे इंटरसेप्ट (रास्ते में रोकना) करना बेहद मुश्किल हो जाता है। वर्तमान में यह मिसाइल भारतीय सशस्त्र बलों की कई शाखाओं में तैनात है और वैश्विक रक्षा बाजार में देश की मौजूदगी बढ़ाने के लिए भारत की सबसे महत्वपूर्ण रक्षा निर्यात संभावनाओं में से एक बनी हुई है।

ब्रह्मोस के खरीदारों की पूरी लिस्ट

साल 2022 में फिलीपींस इस मिसाइल को खरीदने वाला पहला विदेशी ग्राहक बना था। उसके बाद से ही दुनिया के कई देशों ने इस स्वदेशी मिसाइल सिस्टम को खरीदने में गहरी रुचि दिखाई है।

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस घातक हथियार प्रणाली को अपनी सेना में शामिल करने के लिए कई देशों की कतार लगी हुई है:

  • फिलीपींस (पहला आधिकारिक खरीदार - 2022)
  • वियतनाम (डील अंतिम चरण में)
  • इंडोनेशिया (नवीनतम खरीदार - जुलाई 2026)
  • दक्षिण अफ्रीका (रुचि दिखाई है)
  • थाईलैंड (रुचि दिखाई है)
  • चिली (रुचि दिखाई है)
  • ब्राजील (रुचि दिखाई है)
  • संयुक्त अरब अमीरात (UAE)

रिपोर्ट्स के मुताबिक यूएई भी ब्रह्मोस मिसाइल और आकाशतीर (Akashteer) दोनों प्रणालियों को खरीदने के लिए भारत के साथ बातचीत कर रहा है।

यह भी पढ़ें: ब्रह्मोस डील, सबांग पोर्ट और IIM कैंपस... PM Modi की इंडोनेशिया यात्रा की 20 बड़ी उपलब्धियां ये रहीं

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।