'मलेशिया में ऐसा स्वागत भारत याद रखेगा...', कुआलालंपुर में PM मोदी की कार डिप्लोमेसी, भारतीय समुदाय से कही ये बात

पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच साझा मूल्य और मजबूत रिश्ते दोनों देशों को और करीब ला रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं। कुआलालंपुर में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया

अपडेटेड Feb 07, 2026 पर 5:07 PM
Story continues below Advertisement
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे हैं। राजधानी कुआलालंपुर में पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ आज कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का यूपीआई शीघ्र ही मलेशिया में आएगा। इसके साथ ही पीएम मोदी ने नए कॉन्सुलेट खोलने के बाद करते हुए भारत और मलेशिया के बीच संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।

PM मोदी ने भारतीय समुदाय से कही ये बात

पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच साझा मूल्य और मजबूत रिश्ते दोनों देशों को और करीब ला रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं। कुआलालंपुर में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद पीएम मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम एक बड़े प्रवासी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक ही कार में साथ गए।


‘सेलामत दातंग मोदी जी’ नाम के इस स्वागत समारोह में मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम भारत और मलेशिया के बीच गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश आपसी सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।

कार्यक्रम को अंग्रेजी में संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि मलेशिया में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय मूल का समुदाय रहता है। उन्होंने कहा कि कई चीजें भारत और मलेशिया के लोगों को दिल से जोड़ती हैं। पीएम मोदी ने कहा, “आप लोग एक जीवित पुल की तरह हैं, जो दोनों देशों को जोड़ता है। आपने रोटी कनाई को मालाबार परोटा से जोड़ा है। नारियल, मसाले और तेह तारिक जैसे स्वाद हमें अपने जैसे लगते हैं, चाहे हम कुआलालंपुर में हों या कोच्चि में।”

भव्य स्वागत के लिए दिया धन्यवाद

उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को इस कार्यक्रम में शामिल होने और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद दिया। मोदी ने कहा कि उनके साथ एक ही कार में बैठकर कार्यक्रम में जाना भारतीयों के प्रति उनके प्यार और सम्मान को दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अनवर इब्राहिम से उनकी दोस्ती उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले की है। पीएम मोदी ने कहा कि वह मलेशिया में सुधारों पर उनके ध्यान और प्रयासों की सराहना करते हैं।

एक हल्के-फुल्के अंदाज़ में नरेंद्र मोदी ने कहा कि मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम अच्छे गायक भी हैं। उन्होंने हाल ही में वायरल हुए उस वीडियो का ज़िक्र किया, जिसमें इब्राहिम एक पुराना भारतीय गाना गाते नजर आए थे। पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह जानकर अच्छा लगता है कि उन्हें महान अभिनेता एम.जी. रामचंद्रन (एमजीआर) के तमिल गाने भी पसंद हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह साल 2026 की मेरी पहली विदेश यात्रा है। इन त्योहारों के समय आपके बीच आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मुझे उम्मीद है कि आप सभी ने संक्रांति, पोंगल और थाईपुसम जैसे त्योहार खुशी और उत्साह के साथ मनाए होंगे।” प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के साथ अपने जुड़ाव को खास बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।