India-Pakistan Tension: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने भी 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्यवाई की। इसके बाद से ही LoC पर भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी जारी है। आज हुए विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि, LoC पर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम उल्लंघन करते हुए गोलीबारी तेज कर दी है, जिसके परिणामस्वरूप 16 लोगों की जान चली गई। उन्होंने बताया कि इसी के परिणाम स्वरुप भारत को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
आपको बता दें कि, विदेश सचिव विक्रम मिस्री के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आज हुई विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल भी शामिल हुए।
पकिस्तान ने बढ़ाई गोलीबारी, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि, 'पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी कैलिबर आर्टिलरी का उपयोग करते हुए नियंत्रण रेखा के पार अपनी गोलीबारी बढ़ा दी है।' उन्होंने कहा, 'पाकिस्तानी गोलीबारी में तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है। भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाब देना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि, भारतीय सेना तनाव न बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, बशर्ते पाकिस्तानी सेना इसका सम्मान करे।'
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि, 7-8 मई की मध्यरात्रि को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके भारत में कई सैन्य पोस्ट को निशाना बनाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि, 'ऑपरेशन सिंदूर' के जवाब में पाकिस्तान के भारत के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में 15 सैन्य पोस्ट को निशाना बनाने के असफल प्रयास किया, जिसका भारतीय सशस्त्र बलों ने मुहंतोड़ जवाब दिया।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, '7-8 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया।' हालांकि, इंट्रीग्रेटेड काउंटर-UAS ग्रिड और रूस निर्मित s-400 'सुदर्शन चक्र' वायु रक्षा प्रणालियों ने पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों को रोक दिया।
पाकिस्तान के इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने लाहौर में ऐसे ही एक सिस्टम को नष्ट करने के साथ ही कई स्थानों पर पाकिस्तानी वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को नेस्तनाबूत कर दिया।