India Pakistan Tension: भारत ने लाहौर, सियालकोट पर किया हमला, पाकिस्तान के अटैक का दिया जवाब

पाकिस्तान के हमले के जवाब में भारत ने गुरुवार रात लाहौर में टारगेटेड स्ट्राइक की, कई ठिकानों को निशाना बनाया गया।

अपडेटेड May 08, 2025 पर 11:05 PM
Story continues below Advertisement
भारतीय पैदल सेना और तोपखाना यूनिट ने पाकिस्तान के सियालकोट-बजवात सेक्टर पर एक कोऑर्डिनेटेड अटैक किया। (सांकेतिक तस्वीर)

भारतीय सशस्त्र बलों ने गुरुवार रात को लाहौर में टारगेट करके कई ठिकानों पर हमला किया। पाकिस्तान ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब समेत कई स्थानों पर हमले किए। भारत ने इसी के जवाब में पाकिस्तान के लाहौर पर हमला किया है।

सूत्रों के अनुसार, लाहौर में भारत की जवाबी कार्रवाई से पूरे शहर में भारी दहशत फैल गई। एक के बाद एक हुए धमाकों ने इलाके में अफरातफरी और डर का माहौल पैदा कर दिया।

इसी दौरान, भारतीय पैदल सेना और तोपखाना यूनिट ने पाकिस्तान के सियालकोट-बजवात सेक्टर पर एक कोऑर्डिनेटेड अटैक किया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर से हुए हमलों के जवाब में की गई।


पाकिस्तान ने भारत में किया था हमला

गुरुवार शाम पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों में जम्मू के एयरस्ट्रिप समेत दर्जनभर स्थानों को निशाना बनाया गया। यह हमला उस कार्रवाई के एक दिन बाद हुआ, जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर स्ट्राइक की थी।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि पाकिस्तान ने जम्मू सिविल एयरपोर्ट, सांबा, आरएस पुरा, अरनिया और आसपास के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर आठ मिसाइलें दागीं। सभी मिसाइलों को S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया।

हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ की ओर से जारी बयान में कहा गया, “पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास जम्मू, पठानकोट और उधमपुर के सैन्य ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन के जरिए निशाना बनाया। कोई नुकसान नहीं हुआ। #IndianArmedForces ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत काइनेटिक और नॉन-काइनेटिक दोनों तरीकों से खतरे को बेअसर कर दिया।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।