भारत के 7 नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर, मुंबई से पुणे 48 मिनट और बेंगलुरु टू चेन्नई 73 मिनट में, देखें पूरी लिस्ट

इस ट्रेन को अधिकतम 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है, जबकि इसकी नॉर्मल ऑपरेटिंग स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसके साथ ही B35 भारत की अब तक की सबसे तेज ट्रेनों में शामिल हो जाएगी

अपडेटेड Jun 26, 2026 पर 4:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भारत में बनेगी नई पीढ़ी की बुलेट ट्रेन, 350 किमी/घंटा होगी अधिकतम रफ्तार

नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने भारत की नेक्स्ट-जेनरेशन की बुलेट ट्रेन B35 को डेवलप करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए उन कंपनियों का चयन किया जा रहा है जो इस हाई-स्पीड ट्रेन का डिजाइन तैयार करेंगी और इसका निर्माण करेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, B35 बुलेट ट्रेन पूरी तरह भारत में विकसित की जाएगी और भविष्य में देश के अलग-अलग बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर चलने वाली प्रमुख हाई-स्पीड ट्रेन होगी।

इस ट्रेन को अधिकतम 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है, जबकि इसकी नॉर्मल ऑपरेटिंग स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसके साथ ही B35 भारत की अब तक की सबसे तेज ट्रेनों में शामिल हो जाएगी।

देश के इन शहरों को जोड़ेगी नई B35 बुलेट ट्रेन


नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के अनुसार, नई B35 बुलेट ट्रेन देश के सभी प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलाई जाएगी। इनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं।

इन हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं के शुरू होने के बाद बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। अनुमान के मुताबिक, मुंबई से अहमदाबाद की दूरी सिर्फ 1 घंटा 57 मिनट, मुंबई से पुणे 48 मिनट, बेंगलुरु से चेन्नई 73 मिनट, बेंगलुरु से हैदराबाद 2 घंटे 10 मिनट, पुणे से हैदराबाद 2 घंटे 8 मिनट, दिल्ली से लखनऊ 2 घंटे और दिल्ली से वाराणसी सिर्फ 3 घंटे 15 मिनट में तय की जा सकेगी।

तेजी से आगे बढ़ रहा है मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट

बता दें कि, देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है। यह परियोजना करीब 508 किलोमीटर लंबी है और इसका निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) की योजना है कि अगस्त 2027 तक गुजरात के सूरत-वापी के बीच लगभग 97 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाए। यह भारत के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का पहला चालू होने वाला हिस्सा होगा।

वहीं, भारत में विकसित की जा रही B35 बुलेट ट्रेन भविष्य में देश के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को मजबूत करेगी। इसके जरिए कई नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर तेज, आधुनिक और पूरी तरह स्वदेशी हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं शुरू करने में मदद मिलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।