Indian Army Surgical Strike On Pakistan: भारतीय वायुसेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के ठिकानों को मंगलवार रात के वक्त निशाना बनाया। इनमें आतंकियों के छिपने के नौ ठिकाने शामिल हैं। इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देने के लिए भारतीय सेना बुधवार (7 मई) को सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। भारतीय वायुसेना के सटीक अभियान में निशाना बनाए गए ठिकानों में बहावलपुर का मरकज सुभान अल्लाह, तेहरा कलां का सरजल, कोटली का मरकज अब्बास और मुजफ्फराबाद का सैयदना बिलाल कैंप शामिल हैं। ये सभी ठिकाने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं।
इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें मुरिदके का मरकज तैयबा, बरनाला का मरकज अहले-हदीस और मुजफ्फराबाद का शवावाई नाला कैंप शामिल हैं। कोटली में मक्का राहील शाहिद और सियालकोट में मेहमूना जोया को निशाना बनाया गया। इन ठिकानों में हिजबुल मुजाहिदीन के शिविर और ट्रेनिंग केंद्र स्थित हैं।
भारत द्वारा चुने गए नौ लक्ष्यों में चार पाकिस्तान में और शेष पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हैं। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना और इस देश की खुफिया एजेंसी आईएसआई अपने स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (एसएसजी) के जरिये इन शिविरों को आतंकवादियों के प्रशिक्षण के साथ ही लॉजिस्टिक्स (परिवहन एवं आपूर्ति का काम) के लिए इस्तेमाल कर रही थी।
भारतीय वायुसेना के अभियान को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों के नरसंहार के दो सप्ताह बाद "ऑपरेशन सिंदूर" के तहत अंजाम दिया गया। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक बजकर 44 मिनट पर एक बयान में कहा, 'भारतीय सशस्त्र बलों ने कुछ देर पहले पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के उन ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत अभियान शुरू किया जहां भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की साजिश रची गई थी और जहां से इन हमलों के लिए निर्देश दिए गए थे।'
बयान में कहा गया कि भारतीय सशस्त्र बलों की यह कार्रवाई नपी-तुली रही है और इसमें किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने इस कार्रवाई के बारे में अमेरिका और ब्रिटेन समेत दुनिया के प्रमुख देशों को जानकारी दे दी है।