हवा में था IndiGo का विमान...अचानक इमरजेंसी गेट खोलने लगा शख्स, 2 बार की ये खतरनाक हरकत

क्रू ने तय नियमों यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पूरी तरह पालन किया और स्थिति को बिना किसी घबराहट के संभाल लिया। फ्लाइट रात करीब 10:35 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुरक्षित उतर गई। जानकारी के मुताबिक, यात्री की हरकतों के बावजूद विमान को दोबारा ऊपर ले जाने (गो-अराउंड) की जरूरत नहीं पड़ी

अपडेटेड Mar 29, 2026 पर 10:35 PM
Story continues below Advertisement
फ्लाइट में एक यात्री ने दो बार विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की।

इंडिगो की बेंगलुरु से वाराणसी जा रही एक फ्लाइट में एक यात्री ने दो बार विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की। इनमें से एक कोशिश लैंडिंग से ठीक पहले की गई, जिससे विमान में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना 28 मार्च को फ्लाइट 6E 185 में हुई। सूत्रों के मुताबिक, क्रू मेंबर्स ने सबसे पहले बीच उड़ान के दौरान ही यात्री को इमरजेंसी एग्जिट से छेड़छाड़ करते हुए देखा। इसके बाद उसने दूसरी बार तब कोशिश की, जब विमान वाराणसी में उतरने के लिए आखिरी चरण (फाइनल अप्रोच) में था। केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाल लिया और किसी भी तरह की अनहोनी को रोकते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

हिरासत में लिया गया युवक 

क्रू ने तय नियमों यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पूरी तरह पालन किया और स्थिति को बिना किसी घबराहट के संभाल लिया। फ्लाइट रात करीब 10:35 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुरक्षित उतर गई। जानकारी के मुताबिक, यात्री की हरकतों के बावजूद विमान को दोबारा ऊपर ले जाने (गो-अराउंड) की जरूरत नहीं पड़ी। लैंडिंग के बाद नियमों के अनुसार उस यात्री को हवाई अड्डे के सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया, जिसमें सीआईएसएफ के जवान भी शामिल थे।


आरोपी ने किया ये खुलासा 

आरोपी की पहचान मोहम्मद अदनान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मऊ ज़िला का रहने वाला है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हाल ही में गोवा गया था और वहीं से लौट रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि किसी बटन को दबाने से विमान का दरवाज़ा खुल सकता है। अधिकारियों ने बताया कि एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो सहित कई एजेंसियों ने उससे पूछताछ की है और मामले की जांच अभी जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।