Hyderabad Suicide Case: हैदराबाद में 36 साल के एक टेक प्रोफेशनल ने झील में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि उसकी पत्नी के अफेयर की वजह से उसे ‘मानसिक तनाव’ हुआ, जिससे उसने यह कदम उठाया। एस. सीताराम रेड्डी का शव 9 फरवरी को हैदराबाद की हुसैन सागर झील में मिला था।
पहले इस मामले में जीरो FIR दर्ज की गई थी, जिसे बाद में विस्तृत जांच के लिए बाचुपल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। परिवार ने उसकी पत्नी रेनुका पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। जांच के दौरान सामने आया कि रेणुका का एक शख्स, एम. रमण रेड्डी, जो पेशे से बिजनेसमैन है, के साथ अफेयर था।
जांचकर्ताओं का मानना है कि इस रिश्ते के कारण लगातार झगड़े होते रहे और पीड़ित को गंभीर मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, इस साल जनवरी में पति-पत्नी के रिश्ते और बिगड़ गए, जब पत्नी घर छोड़कर चली गई। इसके बाद दोनों के बीच बार-बार विवाद होने लगे। टेक प्रोफेशनल ने अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी।
एस. सीताराम रेड्डी के पिता वेंकटेश्वर ने आरोप लगाया कि उनका बेटा अपनी पत्नी के अफेयर और उससे जुड़े अन्य मुद्दों से बहुत परेशान था। उन्होंने यह भी दावा किया कि महिला से जुड़ा एक निजी वीडियो उनके बेटे को भेजा गया था, जिससे उसे "अत्यधिक मानसिक पीड़ा" हुई और उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
बता दें कि दोनों की शादी साल 2018 में हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 7 और 5 साल है।
रेनुका और उसके कथित प्रेमी को 21 अप्रैल को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।