मध्य प्रदेश का इंदौर शहर एक ऐसी त्रासदी से जूझ रहा है, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से एक नवजात शिशु सहित कई लोगों की मौत हो गई है। लगातार कई साल से देश के सबसे साफ शहर का तमगा बरकरार रखने वाला इंदौर अब गंदे पानी और उससे होने वाली मौत की वजह से चर्चाओं में है। इस घटना की जांच से इंदौर में फैले दस्त के प्रकोप का कारण सामने आया है, जिसके चलते बड़े पैमाने पर मौतें हुईं और लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रिपोर्टों से यह भी संकेत मिलता है कि इस त्रासदी के पीछे गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक विफलताएं हैं, जिसे रोका जा सकता था।
